₹86 लाख से अधिक के अवैध गांजे के साथ 5 अंतर्राज्यीय तस्कर गिरफ्तार, गरियाबंद पुलिस की बड़ी कार्रवाई
गरियाबंद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 1 क्विंटल 56 किलो 06 ग्राम अवैध गांजा मादक पदार्थ के साथ विधि से संघर्षरत बालक सहित 5 अंतर्राज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इस कार्रवाई में करीब ₹86 लाख 53 हजार मूल्य का गांजा एवं परिवहन में प्रयुक्त दो वाहन भी जब्त किए हैं।
गिरफ्तार आरोपी मध्यप्रदेश के भोपाल जिले के निवासी बताए गए हैं। आरोपियों में राहुल राजपूत, संजय बामने, अनिकेत उर्फ अंकित पाल, साहिल खान एवं एक विधि से संघर्षरत बालक शामिल हैं।

पुलिस कार्रवाई के दौरान आरोपियों के कब्जे से कुल 156.06 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया। इसके साथ ही तस्करी में इस्तेमाल की जा रही स्विफ्ट डिजायर कार क्रमांक MP 04 BD 7321 एवं मारुति सुजुकी एस-क्रॉस वाहन क्रमांक MP 04 KG 0614 को भी जब्त किया गया।
गरियाबंद पुलिस के अनुसार आरोपी अंतर्राज्यीय स्तर पर गांजा तस्करी में संलिप्त थे और मामले में अन्य कड़ियों की भी जांच की जा रही है। पुलिस द्वारा आरोपियों से पूछताछ कर पूरे नेटवर्क का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ पुलिस की सख्त कार्रवाई लगातार जारी है।
