ग्वालियर में 315 बोर का देशी कट्टा और 4 जिंदा राउंड के साथ 3 बदमाश गिरफ्तार

0
WhatsApp Image 2026-01-24 at 5.57.03 PM

ग्वालियर पुलिस ने अवैध हथियारों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए स्कूटी सवार 3 बदमाशों को गिरफ्तार किया है। क्राइम ब्रांच और थाना पुरानी छावनी पुलिस की संयुक्त टीम ने आरोपियों के कब्जे से एक 315 बोर का देशी कट्टा, 4 जिंदा राउंड और एक स्कूटी जब्त की है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ग्वालियर श्री धर्मवीर सिंह के निर्देश पर जिले में अवैध हथियार रखने और उनकी खरीद-फरोख्त करने वालों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि तीन युवक अवैध हथियार लेकर पुरानी छावनी क्षेत्र में आने वाले हैं।

सूचना के आधार पर क्राइम ब्रांच और थाना पुरानी छावनी पुलिस की संयुक्त टीम ने रिलायंस पेट्रोल पंप के पीछे प्लाटिंग रोड पर वाहन चेकिंग शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने स्कूटी सवार तीन संदिग्ध युवकों को रोककर तलाशी ली।

पकड़े गए आरोपियों की पहचान राहुल माहौर उर्फ डीजे, धर्मेंद्र उर्फ नत्थी शर्मा और राहुल उर्फ छुक्का जाटव के रूप में हुई। तलाशी के दौरान राहुल माहौर की कमर से 315 बोर का देशी कट्टा मिला, जिसमें एक जिंदा राउंड लोड था। वहीं अन्य दो आरोपियों के पास से भी 3 जिंदा राउंड बरामद किए गए।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है और उनसे अवैध हथियारों के स्रोत एवं नेटवर्क के संबंध में पूछताछ की जा रही है।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी पुरानी छावनी डॉ. संतोष सिंह यादव, क्राइम ब्रांच प्रभारी अमित शर्मा सहित पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

हो सकता है आप चूक गए हों