100 नए आरक्षकों से मजबूत हुई रतलाम पुलिस, एसपी अमित कुमार ने सौंपे नियुक्ति पत्र, दिया जनसेवा और राष्ट्रसेवा का मंत्र
रतलाम पुलिस को 100 नव चयनित आरक्षकों की सौगात मिली है। पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आयोजित विशेष कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक अमित कुमार (IPS) ने नव नियुक्त आरक्षकों को नियुक्ति पत्र प्रदान कर उनका स्वागत किया और उन्हें देशभक्ति, जनसेवा, अनुशासन, ईमानदारी एवं कर्तव्यनिष्ठा के मूल्यों के साथ पुलिस सेवा में प्रवेश करने का संदेश दिया।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देश एवं पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाना के नेतृत्व में मध्यप्रदेश पुलिस को अधिक सक्षम, तकनीकी रूप से दक्ष और जनोन्मुखी बनाने की दिशा में चलाए जा रहे प्रयासों के तहत वर्ष 2025 की आरक्षक भर्ती प्रक्रिया में रतलाम जिले को कुल 100 नए आरक्षक प्राप्त हुए हैं।
पुलिस सेवा केवल नौकरी नहीं, राष्ट्रसेवा का माध्यम
नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम के दौरान एसपी अमित कुमार ने कहा कि पुलिस की वर्दी केवल एक रोजगार नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र की सेवा का महत्वपूर्ण दायित्व है। कानून-व्यवस्था बनाए रखना, आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करना और जनता का विश्वास कायम रखना हर पुलिसकर्मी की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने नव आरक्षकों से अपेक्षा की कि वे संवेदनशीलता, समर्पण और पूरी निष्ठा के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हुए मध्यप्रदेश पुलिस की गौरवशाली परंपराओं को आगे बढ़ाएंगे।
बदलती पुलिसिंग के लिए तकनीकी दक्षता जरूरी
एसपी ने कहा कि वर्तमान दौर में पुलिसिंग का स्वरूप तेजी से बदल रहा है। साइबर अपराध, डिजिटल तकनीक और बढ़ती जन अपेक्षाओं के बीच प्रत्येक पुलिसकर्मी को लगातार सीखते रहने और स्वयं को अपडेट रखने की आवश्यकता है। आधुनिक तकनीकों का ज्ञान और प्रोफेशनल कार्यशैली ही भविष्य की प्रभावी पुलिसिंग की पहचान बनेगी।
संघर्ष से सफलता तक पहुंची युवा प्रतिभाएं
इन 100 चयनित आरक्षकों में कई ऐसे युवा भी शामिल हैं जिन्होंने सीमित संसाधनों और कठिन परिस्थितियों के बावजूद कड़ी मेहनत, लगन और दृढ़ संकल्प के बल पर सफलता हासिल की है। उनकी उपलब्धि हजारों युवाओं के लिए प्रेरणा बनकर सामने आई है और यह साबित करती है कि मेहनत और समर्पण से किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।
कानून-व्यवस्था को मिलेगा नया बल
मध्यप्रदेश पुलिस परिवार में शामिल हुए ये नव आरक्षक आने वाले समय में प्रदेश की कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाने, अपराध नियंत्रण, जनसुरक्षा तथा नागरिक सेवाओं को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने सभी नव नियुक्त आरक्षकों को उज्ज्वल भविष्य और सफल सेवा जीवन के लिए शुभकामनाएं भी दीं।
