Tamnar Police ने 24 घंटे में सुलझाया सनसनीखेज मर्डर केस, गांव के कोटवार समेत 3 आरोपी गिरफ्तार

0
710799444_1428087372691200_1089141110703298926_n

रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में तमनार पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर हत्या के एक सनसनीखेज मामले का खुलासा करते हुए गांव के कोटवार, उसके बेटे और विधि से संघर्षरत एक बालक को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल डंडा और चाकू भी बरामद कर लिया है।

जानकारी के अनुसार, थाना तमनार क्षेत्र के ग्राम उरबा में 30 मई 2026 की रात हुई हत्या के मामले में पुलिस ने अपराध क्रमांक 122/2026 के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की थी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की।

जांच में सामने आया कि घटना की रात मृतक दामोदर राठिया ने गांव के कोटवार हरिराम चौहान को भोजन के लिए बुलाया था। भोजन के बाद इस्तेमाल किए गए पत्तल को फेंकने की बात को लेकर दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते मामूली कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया।

पुलिस के अनुसार, विवाद के दौरान हरिराम चौहान, उसका पुत्र आकाश चौहान तथा एक विधि से संघर्षरत बालक ने मिलकर दामोदर राठिया पर डंडे और चाकू से हमला कर दिया। गंभीर चोटों के कारण दामोदर राठिया की मौके पर ही मौत हो गई।

तमनार पुलिस ने जांच के दौरान आरोपी हरिराम चौहान (60 वर्ष), आकाश चौहान (22 वर्ष) और एक विधि से संघर्षरत बालक को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त डंडा और चाकू भी बरामद किया गया।

पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। मामले के त्वरित खुलासे को लेकर पुलिस की कार्रवाई की सराहना की जा रही है।

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि क्षणिक आवेश और तैश में लिया गया हिंसक फैसला किसी की जान ले लेता है, आरोपी को जेल पहुंचा देता है और पूरे परिवार को बर्बाद कर देता है। उन्होंने लोगों से विवादों का समाधान शांतिपूर्ण तरीके से करने की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

हो सकता है आप चूक गए हों