367.5 किलो वजन उठाकर रचा इतिहास! महिला पुलिस कांस्टेबल रेणुका ने जीता सिल्वर मेडल
तेलंगाना पुलिस की महिला कांस्टेबल एस. रेणुका ने राष्ट्रीय स्तर की पावरलिफ्टिंग प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक अपने नाम किया है। उन्होंने 367.5 किलोग्राम कुल वजन उठाकर न केवल अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया, बल्कि तेलंगाना पुलिस का नाम भी देशभर में गौरवान्वित किया।
यह उपलब्धि उन्होंने 3rd ऑल इंडिया पुलिस वेटलिफ्टिंग क्लस्टर चैम्पियनशिप 2026-27 में हासिल की, जिसका आयोजन हरियाणा के मधुबन (करनाल) स्थित वच्छेर स्टेडियम में किया गया था। रेणुका ने महिलाओं की +84 किलोग्राम हैवीवेट पावरलिफ्टिंग श्रेणी में हिस्सा लेते हुए स्क्वाट, बेंच प्रेस और डेडलिफ्ट में कुल 367.5 किलोग्राम वजन सफलतापूर्वक उठाया और दूसरा स्थान हासिल कर सिल्वर मेडल जीता।
रेणुका की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर तेलंगाना पुलिस विभाग में खुशी का माहौल है। पुलिस महानिदेशक (DGP) सी.वी. आनंद ने हैदराबाद में पदक विजेता खिलाड़ियों से मुलाकात कर उन्हें बधाई दी। उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मी केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखने तक सीमित नहीं हैं, बल्कि खेलों में भी राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विभाग का गौरव बढ़ा रहे हैं।
डीजीपी ने रेणुका और उनके कोच की सराहना करते हुए भविष्य में खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं, वित्तीय सहायता और आवश्यक खेल अधोसंरचना उपलब्ध कराने का भरोसा भी दिलाया। रेणुका की यह सफलता पुलिस बल में कार्यरत युवाओं और महिला खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बन गई है।
