IPS महेश दीक्षित बने इंटेलिजेंस ब्यूरो (IB) के नए निदेशक, केंद्र सरकार ने सौंपी देश की सबसे बड़ी खुफिया एजेंसी की कमान
नई दिल्ली।
केंद्र सरकार ने देश की प्रमुख खुफिया एजेंसी इंटेलिजेंस ब्यूरो (IB) के नए निदेशक के रूप में वरिष्ठ IPS अधिकारी महेश दीक्षित की नियुक्ति की है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता वाली कैबिनेट की नियुक्ति समिति (ACC) ने उनकी नियुक्ति को मंजूरी दी है।
महेश दीक्षित वर्ष 1993 बैच के मध्य प्रदेश कैडर के IPS अधिकारी हैं। वह वर्तमान में इंटेलिजेंस ब्यूरो में स्पेशल डायरेक्टर के पद पर कार्यरत थे। अब वह मौजूदा निदेशक तपन कुमार डेका का स्थान लेंगे।
सरकार द्वारा जारी आदेश के अनुसार, महेश दीक्षित का कार्यकाल पदभार ग्रहण करने की तिथि से दो वर्ष अथवा अगले आदेश तक प्रभावी रहेगा। नियुक्ति के साथ ही उन्हें सेवा विस्तार भी प्रदान किया गया है।
महेश दीक्षित का अधिकांश कार्यकाल आंतरिक सुरक्षा, आतंकवाद निरोधी अभियानों और खुफिया तंत्र से जुड़ा रहा है। उन्होंने जम्मू-कश्मीर में इंटेलिजेंस ब्यूरो की सब्सिडियरी इंटेलिजेंस ब्यूरो (SIB) का नेतृत्व भी किया है। सुरक्षा और खुफिया मामलों में उनके लंबे अनुभव को देखते हुए उन्हें देश की सबसे महत्वपूर्ण खुफिया एजेंसी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
