देवास नाका फ्लाईओवर निर्माण का रास्ता साफ, प्रशासन ने हटाए अतिक्रमण
इंदौर। शहर के बहुप्रतीक्षित देवास नाका फ्लाईओवर निर्माण कार्य को गति देने के लिए जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए निर्माण में बाधा बन रहे अतिक्रमणों को हटा दिया। जिला प्रशासन, इंदौर नगर निगम और मध्यप्रदेश सड़क विकास निगम की संयुक्त टीम ने सोमवार को देवास नाका चौराहे के आसपास स्थित शेष अतिक्रमित दुकानों को हटाया, जिससे अब फ्लाईओवर और सर्विस रोड निर्माण कार्य में तेजी आने की उम्मीद है।
जानकारी के अनुसार, मध्यप्रदेश सड़क विकास निगम द्वारा देवास नाका चौराहे पर 6 लेन फ्लाईओवर का निर्माण कराया जा रहा है। परियोजना के तहत मांगलिया रोड की ओर स्थित लगभग 30 से 35 दुकानों के अतिक्रमण के कारण निर्माण कार्य प्रभावित हो रहा था। इस वजह से फ्लाईओवर और सर्विस रोड के निर्माण में लगातार देरी हो रही थी।

मामले को लेकर कुछ दुकानदारों ने मध्यप्रदेश हाईकोर्ट में याचिका दायर की थी। न्यायालय के निर्देश पर जिला प्रशासन को सभी आपत्तियों का परीक्षण कर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए थे। कलेक्टर शिवम वर्मा ने संबंधित आवेदनों और आपत्तियों की समीक्षा कर उनका निराकरण किया।
प्रशासनिक प्रक्रिया पूरी होने के बाद अधिकांश दुकानदारों ने स्वयं अपने अतिक्रमण हटा लिए, जबकि शेष दुकानों को संयुक्त कार्रवाई के तहत हटाया गया। अधिकारियों का कहना है कि अतिक्रमण हटने के बाद अब फ्लाईओवर और सर्विस रोड निर्माण कार्य बिना किसी बाधा के आगे बढ़ सकेगा।
प्रशासन ने बताया कि देवास नाका फ्लाईओवर के पूर्ण होने से इंदौर-देवास मार्ग पर यातायात का दबाव कम होगा, जाम की समस्या से राहत मिलेगी और हजारों वाहन चालकों को सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी। निर्माण कार्य को जल्द पूरा करने के लिए एजेंसियों को आवश्यक निर्देश भी दिए गए हैं।
