बस्तर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 214 किलो गांजा के साथ तस्कर गिरफ्तार, ₹1.07 करोड़ का माल जब्त
बस्तर। जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बस्तर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 214.300 किलोग्राम अवैध गांजा के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। जब्त किए गए गांजे की अनुमानित कीमत करीब ₹1.07 करोड़ बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई नगरनार थाना क्षेत्र में की गई। जांच के दौरान आरोपी के कब्जे से भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ। साथ ही तस्करी में इस्तेमाल की जा रही महिंद्रा बोलेरो पिकअप को भी जब्त कर लिया गया।
प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि आरोपी अवैध गांजे की खेप ओडिशा से उत्तर प्रदेश ले जा रहा था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है, ताकि इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी पहचान की जा सके।
बस्तर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और अवैध कारोबार में शामिल लोगों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
