बारिश में बेसहारा मिली 75 वर्षीय वृद्धा की राजनांदगांव पुलिस ने की मदद, नई साड़ी और भोजन देकर सुरक्षित परिवार से मिलाया
राजनांदगांव जिले की बसंतपुर थाना पुलिस ने मानवता और संवेदनशीलता का परिचय देते हुए लगातार बारिश में भीग रही एक 75 वर्षीय वृद्ध महिला को सुरक्षित संरक्षण में लेकर उनके परिजनों से मिलाया। पुलिस की इस सराहनीय पहल की क्षेत्रभर में प्रशंसा हो रही है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम हल्दी के ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी कि सामुदायिक भवन के पास एक वृद्ध महिला बारिश में भीगते हुए ठंड से कांप रही है और असहाय अवस्था में बैठी हुई है। सूचना मिलते ही बसंतपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को सुरक्षित अपने संरक्षण में लिया।
पुलिस ने महिला को नई साड़ी उपलब्ध कराई, जिसे महिला पुलिसकर्मियों की सहायता से पहनाया गया। इसके साथ ही उन्हें भोजन और अन्य आवश्यक सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गईं, ताकि उनकी तत्काल देखभाल सुनिश्चित की जा सके।
पूछताछ के दौरान महिला ने अपना नाम पुसई बाई जोगी (75 वर्ष) निवासी ग्राम सोनेसरार, जिला खैरागढ़ बताया। पुलिस ने संबंधित ग्राम के कोटवार से संपर्क कर उनकी पहचान की पुष्टि की। जांच में पता चला कि वृद्ध महिला पिछले कुछ दिनों से घर से निकलकर भटक रही थीं।
वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में बसंतपुर पुलिस ने महिला को सकुशल उनके परिजनों—बहू और नाती—के सुपुर्द कर दिया। काफी दिनों बाद अपनी परिजन को सुरक्षित पाकर परिवार ने पुलिस का आभार व्यक्त किया और इस मानवीय कार्य की सराहना की।
राजनांदगांव पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि कहीं कोई वृद्ध, असहाय, लावारिस या संकटग्रस्त व्यक्ति दिखाई दे तो उसकी सूचना तत्काल निकटतम पुलिस थाना या डायल-112 पर दें। समय पर दी गई एक सूचना किसी जरूरतमंद व्यक्ति की जान बचाने और उसे उसके परिवार से मिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।
