नए एसपी त्रिलोक बंसल के नेतृत्व में बेमेतरा पुलिस का जागरूकता अभियान तेज, छात्रों को अपराधों से सतर्क रहने का दिया संदेश
बेमेतरा। जिले के नवपदस्थ पुलिस अधीक्षक श्री त्रिलोक बंसल (IPS) के निर्देशन में बेमेतरा पुलिस द्वारा सामुदायिक पुलिसिंग को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए जिलेभर में जनजागरूकता अभियान लगातार चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट हिन्दी एवं अंग्रेजी माध्यम विद्यालय, कुसमी में विद्यार्थियों के लिए विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं को वर्तमान समय में बढ़ रहे विभिन्न प्रकार के अपराधों के प्रति सजग रहने, कानून का पालन करने तथा जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया गया। पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों को साइबर अपराध, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग, नशे से दूरी और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को देने के महत्व के बारे में भी जानकारी दी।
पुलिस ने विद्यार्थियों से कहा कि जागरूक नागरिक ही सुरक्षित समाज की नींव होते हैं। किसी भी आपराधिक गतिविधि, साइबर ठगी या संदिग्ध व्यक्ति की जानकारी मिलने पर बिना संकोच पुलिस को सूचित करें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।

बेमेतरा पुलिस ने बताया कि सामुदायिक पुलिसिंग के तहत ऐसे जागरूकता कार्यक्रम आगे भी जिले के विभिन्न स्कूलों, कॉलेजों और ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार आयोजित किए जाएंगे, जिससे युवाओं में कानून के प्रति सम्मान और सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाई जा सके।
