₹3.50 लाख के बिजली तार चोरी का खुलासा, सरोना पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर पूरा माल किया बरामद
सरोना। संपत्ति संबंधी अपराधों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना सरोना पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए ₹3.50 लाख मूल्य के एसीएसआर पैंथर कंडक्टर तार की चोरी का खुलासा कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी गया पूरा तार भी बरामद कर लिया है, जबकि मामले के अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक श्री निखिल राखेचा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री योगेश कुमार साहू, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (साइबर) श्री दिनेश कुमार सिन्हा के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी श्री मोहसिन खान के पर्यवेक्षण में की गई।
प्रकरण में विद्युत लाइन निर्माण कार्य में उपयोग होने वाले लगभग ₹3.50 लाख मूल्य के एसीएसआर पैंथर कंडक्टर तार की चोरी की शिकायत मिलने के बाद थाना सरोना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान तकनीकी साक्ष्यों, मुखबिर की सूचना और अन्य जांच माध्यमों के आधार पर पुलिस ने शुभम यादव (26 वर्ष) की पहचान कर उसे गिरफ्तार किया।
पूछताछ में आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने फरार आरोपी के घर में सीढ़ी के नीचे दीवार के भीतर छिपाकर रखा गया एसीएसआर पैंथर कंडक्टर तार बरामद कर लिया।

गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश कर वैधानिक कार्रवाई की गई है। वहीं पुलिस मामले में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश में लगातार कार्रवाई कर रही है।
