कोरबा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: ₹9 लाख की बेशकीमती इमारती लकड़ी और क्रेन जब्त, आरोपी गिरफ्तार
छत्तीसगढ़ की कोरबा पुलिस ने अमानत में खयानत, अवैध परिवहन और इमारती लकड़ी की चोरी के मामले में बड़ी सफलता हासिल करते हुए करीब ₹9 लाख मूल्य की इमारती लकड़ी और एक क्रेन जब्त की है। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है, जबकि पूरे प्रकरण की विस्तृत जांच जारी है।
मामले की शुरुआत वन परिक्षेत्र अधिकारी की शिकायत से हुई, जिसमें बताया गया कि सीएसईबी रामपुर स्थित जूनियर क्लब के पास सक्षम अनुमति से वृक्षों की कटाई का कार्य चल रहा था। निरीक्षण के दौरान सात वृक्षों से प्राप्त इमारती लकड़ी के अवैध परिवहन की जानकारी मिलने पर थाना सिविल लाइन रामपुर में मामला दर्ज किया गया।
पुलिस अधीक्षक श्री सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री लखन पटले एवं नगर पुलिस अधीक्षक श्री प्रतीक चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में थाना सिविल लाइन प्रभारी प्रशिक्षु डीएसपी सुश्री आस्था शर्मा के नेतृत्व में विशेष जांच टीम गठित की गई। तकनीकी साक्ष्यों, दस्तावेजों के विश्लेषण और लगातार की गई पतासाजी से यह तथ्य सामने आया कि लकड़ी को कोरबा से रायपुर-अभनपुर क्षेत्र तक ले जाया गया था।

प्रदेश स्तरीय संयुक्त कार्रवाई के दौरान पुलिस और वन विभाग ने करीब 20.169 घन मीटर इमारती लकड़ी, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग ₹9 लाख है, बरामद की। साथ ही लकड़ी के परिवहन और लोडिंग में इस्तेमाल की गई एक क्रेन भी जब्त की गई।
पुलिस ने सुनील कुमार गुप्ता को गिरफ्तार कर थाना सिविल लाइन के अपराध क्रमांक 673/2026 में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 303(2), 316(5) एवं 317(2) के तहत कार्रवाई करते हुए न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
कोरबा पुलिस ने बताया कि मामले के हर पहलू की गहन जांच की जा रही है। यह पता लगाया जा रहा है कि बरामद इमारती लकड़ी का वास्तविक स्रोत क्या है, इस अवैध कारोबार में और कौन-कौन लोग शामिल हैं तथा पूरे नेटवर्क के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।
