कोण्डागांव में नाबालिग वाहन चालकों पर ट्रैफिक पुलिस का बड़ा अभियान, 15 मामलों में कार्रवाई कर वसूला ₹10,500 जुर्माना

0

कोण्डागांव पुलिस ने सड़क सुरक्षा को लेकर सख्त रुख अपनाते हुए जिले में नाबालिग वाहन चालकों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक पंकज चन्द्रा (भा.पु.से.) के निर्देशन में यातायात पुलिस ने विभिन्न स्कूलों और मुख्य मार्गों पर जांच अभियान चलाकर नियमों का उल्लंघन करने वाले छात्र-छात्राओं एवं उनके अभिभावकों को जागरूक किया।

अभियान के दौरान पुलिस ने मोटरसाइकिल और स्कूटी से स्कूल आने वाले नाबालिग विद्यार्थियों को रोककर यातायात नियमों की जानकारी दी। साथ ही उनके अभिभावकों को समझाइश दी गई कि नाबालिगों को वाहन चलाने की अनुमति देना कानूनन अपराध है और इससे सड़क दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कपिल चन्द्रा एवं पुलिस अनुविभागीय अधिकारी रूपेश कुमार के मार्गदर्शन में चलाए गए इस अभियान के दौरान मोटर वाहन अधिनियम के तहत नियमों का उल्लंघन करने वाले 15 मामलों में चालानी कार्रवाई की गई। इस दौरान कुल 10,500 रुपये का समन शुल्क भी वसूला गया।

यातायात पुलिस ने छात्र-छात्राओं और अभिभावकों से अपील की कि वे यातायात नियमों का कड़ाई से पालन करें और नाबालिग बच्चों को वाहन चलाने से रोकें। पुलिस ने स्पष्ट किया कि भविष्य में भी इस तरह के अभियान लगातार जारी रहेंगे और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

हो सकता है आप चूक गए हों