ग्वालियर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: ऑटो से 20 किलो गांजा लेकर जा रहे दो तस्कर गिरफ्तार, 2 लाख का मादक पदार्थ जब्त
ग्वालियर के थाना इंदरगंज पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब 20 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। जब्त किए गए गांजे की अनुमानित कीमत करीब 2 लाख रुपये बताई जा रही है।

वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में इंदरगंज थाना पुलिस की टीम नदी गेट क्षेत्र में वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक ऑटो में सवार दो युवक पुलिस चेकिंग देखकर वाहन से उतरकर भागने लगे। पुलिस टीम को संदेह होने पर दोनों का पीछा कर उन्हें पकड़ लिया गया।
तलाशी के दौरान दोनों आरोपियों के ट्रॉली बैग से टेप में पैक किए गए कुल 20 पैकेट बरामद हुए। जांच करने पर इनमें गांजा मिला। वजन कराने पर कुल 20 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ, जिसकी बाजार कीमत लगभग 2 लाख रुपये आंकी गई।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। प्रारंभिक पूछताछ में पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गांजा कहां से लाया गया था और इसकी सप्लाई किन लोगों तक की जानी थी। मामले की विस्तृत विवेचना जारी है।
इस कार्रवाई में थाना इंदरगंज पुलिस टीम और साइबर सेल के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही, जिनकी सतर्कता से बड़ी मात्रा में मादक पदार्थ जब्त करने में सफलता मिली।
