कांकेर पुलिस की बड़ी कामयाबी: 67 किलो गांजा तस्करी का फरार आरोपी उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार, 43.69 लाख का माल पहले ही हो चुका था जब्त
उत्तर बस्तर कांकेर पुलिस ने ‘उजियारा अभियान’ के तहत अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में बड़ी सफलता हासिल करते हुए 67.380 किलोग्राम गांजा तस्करी मामले के फरार आरोपी को उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले से गिरफ्तार किया है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार, भारतमाला मार्ग पर की गई कार्रवाई के दौरान एक क्रेटा वाहन से 67.380 किलोग्राम अवैध गांजा, वाहन और दो अतिरिक्त नंबर प्लेट बरामद की गई थीं। इस कार्रवाई में कुल 43.69 लाख रुपये मूल्य की संपत्ति जब्त की गई थी। हालांकि वाहन चालक मौके से फरार हो गया था।
मामले की जांच के दौरान पुलिस पहले ही दो आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी थी। फरार आरोपी के उत्तर प्रदेश में छिपे होने की सूचना मिलने पर थाना नरहरपुर और साइबर सेल कांकेर की संयुक्त टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर सूचना के आधार पर बदायूं पहुंचकर उसे दबोच लिया।
पूछताछ में आरोपी ने गांजा तस्करी में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। पुलिस का कहना है कि अवैध मादक पदार्थों के नेटवर्क के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और तस्करी में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।
