14.56 करोड़ की बैंक धोखाधड़ी का बड़ा खुलासा, तमिलनाडु से गिरफ्तार हुआ पूर्व बैंक मैनेजर, बेमेतरा पुलिस की बड़ी कार्रवाई

0
762585251_1470548498431949_178542146807688106_n

बेमेतरा पुलिस ने इंडियन ओवरसीज बैंक शाखा बेमेतरा में हुई करीब 14.56 करोड़ रुपये की बैंक धोखाधड़ी के मामले में बड़ी सफलता हासिल करते हुए फरार आरोपी पूर्व बैंक प्रबंधक को तमिलनाडु से गिरफ्तार किया है। आरोपी पर बैंकिंग नियमों का उल्लंघन कर फर्जीवाड़े, आपराधिक षड्यंत्र और वित्तीय अनियमितताओं के जरिए करोड़ों रुपये के गबन का आरोप है।

पुलिस के अनुसार, वर्ष 2022 में इंडियन ओवरसीज बैंक शाखा बेमेतरा के शाखा प्रबंधक द्वारा शिकायत दर्ज कराई गई थी। शिकायत में बताया गया कि तत्कालीन बैंक प्रबंधक विनीत दास ने अपने सहयोगियों के साथ मिलकर बैंक के नियमों की अनदेखी करते हुए विभिन्न खातों में अवैध धन अंतरण, फर्जी ऋण स्वीकृति और दस्तावेजों में हेरफेर कर बैंक को ₹14,56,09,693.01 का नुकसान पहुंचाया।

मामले की जांच के दौरान पहले ही चार आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका था। फरार मुख्य आरोपी विनीत दास की तलाश लगातार जारी थी। पुलिस महानिरीक्षक दुर्ग रेंज श्री अभिषेक शांडिल्य (IPS) की निगरानी तथा पुलिस अधीक्षक श्री त्रिलोक बंसल (IPS) के निर्देशन में गठित विशेष टीम ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी का पता लगाया।

जांच में पता चला कि आरोपी वर्तमान में इंडियन ओवरसीज बैंक के क्षेत्रीय कार्यालय, तंजावुर (तमिलनाडु) में पदस्थ था। पुलिस टीम ने उसे तंजावुर से गिरफ्तार कर ट्रांजिट रिमांड पर बेमेतरा लाया।

विवेचना में सामने आया कि आरोपी ने बैंक की ऋण स्वीकृति प्रक्रिया में गंभीर अनियमितताएं कीं। कई मामलों में बिना पात्रता जांच के ऋण स्वीकृत किए गए, फर्जी जीएसटी नंबर वाले सप्लायरों को भुगतान किया गया, कृषि एवं मत्स्य ऋणों में नियमों का उल्लंघन हुआ, बिना वैध दस्तावेजों के ऋण वितरित किए गए तथा बैंक की आंतरिक प्रक्रियाओं को दरकिनार कर बिचौलियों के माध्यम से सार्वजनिक धन का दुरुपयोग किया गया।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि कुछ मामलों में अस्तित्वहीन इकाइयों को ऋण दिया गया, कई खातों में बिना अनुमति धन का हस्तांतरण किया गया तथा बैंक रिकॉर्ड और ऋण संबंधी दस्तावेजों में भी हेरफेर की गई। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर पूरे नेटवर्क की भूमिका की पड़ताल कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

हो सकता है आप चूक गए हों