नारायणपुर पुलिस की अनूठी पहल, निबंध, चित्रकला और वाद-विवाद प्रतियोगिता में 170 विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा
नारायणपुर पुलिस ने राष्ट्र निर्माण, राष्ट्रीय एकता और संवैधानिक मूल्यों के प्रति विद्यार्थियों में जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से निबंध, चित्रकला एवं वाद-विवाद प्रतियोगिता का आयोजन किया। इस आयोजन में जिले के कक्षा 6वीं से 12वीं तक के 170 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता के दौरान विद्यार्थियों ने विभिन्न विषयों पर अपने विचार, रचनात्मकता और अभिव्यक्ति का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में संविधान के प्रति सम्मान, राष्ट्रीय एकता की भावना और सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूकता विकसित करना रहा।

कार्यक्रम में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पुलिस अधीक्षक श्री संदीप कुमार पटेल द्वारा सम्मानित किया गया। उन्होंने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि युवा पीढ़ी ही राष्ट्र की सबसे बड़ी ताकत है और शिक्षा के साथ नैतिक एवं संवैधानिक मूल्यों का विकास देश के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव है।

नारायणपुर पुलिस ने इस अवसर पर विद्यार्थियों को सकारात्मक सोच, सामाजिक जिम्मेदारी और राष्ट्रहित में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया। प्रतियोगिता में शामिल छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे युवाओं के व्यक्तित्व विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
पुलिस का मानना है कि ऐसे रचनात्मक कार्यक्रमों के माध्यम से युवाओं में जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ “एक भारत – श्रेष्ठ भारत” की भावना को भी और अधिक मजबूत किया जा सकता है।
