बेमेतरा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: ₹13.70 लाख के चोरी के सामान के साथ 5 शातिर आरोपी गिरफ्तार, कई जिलों में दर्ज हैं 41 तक मामले

0

बेमेतरा। बेमेतरा पुलिस ने जिले में लगातार चलाए जा रहे अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए पांच शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। साइबर सेल और सिटी कोतवाली बेमेतरा पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में चोरी के कई मामलों का खुलासा करते हुए करीब 13 लाख 70 हजार रुपये मूल्य का चोरी का सामान बरामद किया गया।

पुलिस के अनुसार आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए सोने के जेवरात, घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, हुक, टीवी, मोबाइल फोन, गोल्ड प्लेज कार्ड, गोल्ड लोन से जुड़े दस्तावेज, नकदी समेत अन्य सामान जब्त किया गया है। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई करते हुए न्यायालय में पेश किया।

गिरफ्तार आरोपियों में अजय कुमार जैन, मोहम्मद सुमोन खान, राजेश निषाद, दिव्या बाई सांखला (जैन) और आदित्य जैन शामिल हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपी चोरी की वारदातों में सक्रिय थे और चोरी के सामान के जरिए अवैध लाभ कमाने का प्रयास कर रहे थे।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि गिरफ्तार आरोपियों में से चार का लंबा आपराधिक इतिहास है। मुख्य आरोपी अजय कुमार जैन के खिलाफ राजनांदगांव, दुर्ग, बालोद सहित विभिन्न जिलों के थानों में चोरी, नकबजनी, आर्म्स एक्ट, जुआ और मारपीट के करीब 41 मामले दर्ज हैं। वहीं राजेश निषाद पर 33, मोहम्मद सुमोन खान पर 7 तथा दिव्या बाई सांखला पर 11 आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं।

पुलिस अधीक्षक (SP) श्री त्रिलोक बंसल (IPS) के निर्देशन में की गई इस कार्रवाई को जिले में संपत्ति संबंधी अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने की दिशा में बड़ी सफलता माना जा रहा है। पुलिस का कहना है कि अपराधियों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त अभियान जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

हो सकता है आप चूक गए हों