सड़क हादसे में घायल की जान बचाकर बने हीरो, देवास के कमल चौधरी को मिला ‘राह वीर’ सम्मान और ₹25 हजार का पुरस्कार

0

देवास जिले में सड़क सुरक्षा और मानवता की मिसाल पेश करने वाले कमल चौधरी को जिले का पांचवां ‘राह वीर’ सम्मान मिला है। उन्होंने सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को गोल्डन ऑवर के दौरान समय पर अस्पताल पहुंचाकर उसकी जान बचाने में अहम भूमिका निभाई।

इस सराहनीय कार्य के लिए शासन की ओर से कमल चौधरी को प्रशस्ति पत्र के साथ ₹25,000 की प्रोत्साहन राशि प्रदान कर सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन नागरिकों को दिया जाता है जो सड़क दुर्घटना के बाद घायल व्यक्ति की बिना देरी मदद कर उसकी जान बचाने में योगदान देते हैं।

देवास जिला इस मामले में पूरे मध्यप्रदेश में सबसे आगे है। अब तक यहां पांच नागरिकों को ‘राह वीर’ सम्मान मिल चुका है, जो प्रदेश में सर्वाधिक है। यह उपलब्धि सड़क सुरक्षा और आम नागरिकों की जागरूकता का भी प्रतीक मानी जा रही है।

देवास पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि यदि कहीं सड़क दुर्घटना में कोई घायल दिखाई दे तो बिना किसी डर या झिझक के उसकी तत्काल सहायता करें और उसे जल्द से जल्द अस्पताल पहुंचाने में सहयोग करें। समय पर की गई मदद किसी व्यक्ति की जान बचा सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

हो सकता है आप चूक गए हों