झिलमिली पुलिस ने लगातार हो रही चोरियों का किया खुलासा, 1 विधि से संघर्षरत बालक समेत 4 आरोपी गिरफ्तार, ₹4.15 लाख का माल बरामद
सूरजपुर। झिलमिली क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की वारदातों का पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा करते हुए एक विधि से संघर्षरत बालक सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से करीब ₹4.15 लाख मूल्य की चोरी की संपत्ति बरामद की गई है। बरामद सामान में 2 मोटरसाइकिल, 5 मोबाइल फोन, 1 एयरबड, 2 पानी की टंकियां तथा घटना में प्रयुक्त लोहे का रॉड शामिल है।

लगातार सामने आ रही चोरी की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक सूरजपुर श्री योगेश कुमार पटेल के निर्देश पर विशेष टीम का गठन किया गया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश देवांगन एवं एसडीओपी ओड़गी राजेन्द्र मण्डावी के मार्गदर्शन में थाना झिलमिली पुलिस ने मुखबिर तंत्र सक्रिय किया, पुराने अपराधियों की जांच की तथा सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों तक पहुंच बनाई।
जांच के दौरान थाना झिलमिली के चार अलग-अलग प्रकरणों और चौकी बसदेई के एक वाहन चोरी मामले का भी खुलासा हुआ। पुलिस ने मोबाइल दुकान से चोरी हुए मोबाइल और एयरबड, साप्ताहिक बाजार से चोरी गई मोटरसाइकिल, प्राथमिक शाला से चोरी हुई पानी की टंकियां तथा अन्य चोरी के सामान बरामद किए।
पुलिस ने इस कार्रवाई में छोटू अगरिया, शेखर साहू, शिवा देवांगन और लला कोल को गिरफ्तार किया, जबकि एक विधि से संघर्षरत बालक को भी अभिरक्षा में लिया गया। आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
सूरजपुर पुलिस ने बताया कि जिले में संपत्ति संबंधी अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है और चोरी की घटनाओं में शामिल आरोपियों के विरुद्ध आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
