कांकेर पुलिस ने स्कूल में लगाई यातायात जागरूकता क्लास, छात्रों को सड़क सुरक्षा और राहवीर योजना की दी जानकारी
कांकेर। सड़क सुरक्षा को बढ़ावा देने और विद्यार्थियों में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता विकसित करने के उद्देश्य से कांकेर पुलिस ने आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय, अंतागढ़ में विशेष यातायात जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को सुरक्षित यातायात, सड़क सुरक्षा और राहवीर योजना से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं।

पुलिस अधीक्षक श्री निखिल अशोक कुमार राखेचा के निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री आकाश श्रीश्रीमाल एवं श्री योगेश कुमार साहू के मार्गदर्शन तथा उप पुलिस अधीक्षक डॉ. मेखलेन्द्र प्रताप सिंह के पर्यवेक्षण में यातायात पुलिस टीम ने विद्यार्थियों को यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम के दौरान यातायात प्रभारी श्री दीपक साव और उनकी टीम ने हेलमेट एवं सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग, तेज रफ्तार के खतरे, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन के इस्तेमाल से होने वाले नुकसान, नशे की हालत में ड्राइविंग, ट्रैफिक सिग्नल, सड़क संकेतों, ज़ेब्रा क्रॉसिंग तथा नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने से जुड़े कानूनी प्रावधानों की विस्तार से जानकारी दी। साथ ही प्रोजेक्टर के माध्यम से सड़क सुरक्षा पर आधारित प्रेरक वीडियो भी दिखाए गए।

पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों और शिक्षकों को राहवीर योजना की जानकारी देते हुए बताया कि सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को समय पर अस्पताल पहुंचाने वाले नागरिक को सरकार की ओर से ₹25,000 की प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाती है। इसके अलावा आपातकालीन स्थिति में डायल-112 सेवा का उपयोग करने की भी जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के अंत में छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने स्वयं यातायात नियमों का पालन करने तथा समाज में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।
