उफनते बरघाट नाले में बह गया युवक, आधी रात कसडोल पुलिस ने चलाया साहसिक रेस्क्यू ऑपरेशन
कसडोल। तेज बारिश के बीच उफनते बरघाट नाले में बहे एक युवक की जान बचाने के लिए कसडोल पुलिस ने आधी रात साहसिक रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। नाले के तेज बहाव के बीच पेड़ के सहारे जिंदगी और मौत से जूझ रहे युवक को पुलिस, डायल 112 टीम और ग्रामीणों के संयुक्त प्रयास से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

बताया गया कि बरघाट नाले में पानी का बहाव काफी तेज था। इसी दौरान एक युवक बहकर नाले के बीच पहुंच गया और किसी तरह एक पेड़ का सहारा लेकर अपनी जान बचाए हुए था। रात के अंधेरे और तेज बहाव के कारण उसे बाहर निकालना बेहद चुनौतीपूर्ण था।
घटना की जानकारी मिलते ही कसडोल पुलिस और डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस जवानों ने स्थिति का आकलन करने के बाद ग्रामीणों के साथ मिलकर रेस्क्यू की रणनीति तैयार की। इसके बाद सुरक्षा के लिए रस्सी का सहारा लेते हुए युवक तक पहुंच बनाई गई और उसे सावधानीपूर्वक तेज बहाव से बाहर निकाला गया।
रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान पुलिसकर्मियों और ग्रामीणों ने अपनी जान की परवाह किए बिना साहस एवं सूझबूझ का परिचय दिया। काफी मशक्कत के बाद युवक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। समय पर हुई इस कार्रवाई से एक बड़ी अनहोनी टल गई।
कसडोल पुलिस, डायल 112 टीम और ग्रामीणों के इस संयुक्त साहसिक प्रयास की क्षेत्र में जमकर सराहना हो रही है। पुलिस की तत्परता ने एक बार फिर साबित किया कि आपदा और संकट की घड़ी में पुलिस केवल कानून-व्यवस्था ही नहीं, बल्कि नागरिकों की जान बचाने के लिए भी पूरी जिम्मेदारी से मैदान में उतरती है।
