कबीरधाम में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अलर्ट मोड पर पुलिस, SP ने सीमावर्ती थानों-कैंपों का किया औचक निरीक्षण
कवर्धा। जिले में कानून-व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए कबीरधाम पुलिस लगातार सतर्कता बरत रही है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार यादव (IPS) ने जिले के सीमावर्ती थाना क्षेत्रों, पुलिस कैंपों और रक्षित केंद्रों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था एवं पुलिस बल की तैयारियों का जायजा लिया।

पुलिस अधीक्षक ने निरीक्षण के दौरान अधिकारियों और जवानों से सीधे संवाद किया तथा ड्यूटी से जुड़ी व्यवस्थाओं, सुरक्षा तैयारियों और आवश्यक संसाधनों की जानकारी ली। उन्होंने सभी पुलिसकर्मियों को सतर्क रहते हुए अपने कर्तव्यों का पूरी जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करने के निर्देश दिए।
सीमावर्ती इलाकों में सुरक्षा पर विशेष फोकस
SP ने थाना चिल्फी, कैंप धवईपानी, कबीरपथरा, कुंडपानी, बेंदा, थाना रेंगाखार, थाना झलमला, चौकी बाजार चारभाठा और रक्षित केंद्र कवर्धा का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान संवेदनशील और सीमावर्ती क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की गई। पुलिस अधीक्षक ने विशेष रूप से रात्रिकालीन गश्त और पेट्रोलिंग को प्रभावी बनाने पर जोर दिया, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर समय रहते नजर रखी जा सके।
आपात स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया के निर्देश
पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसी भी आपात स्थिति में पुलिस बल की प्रतिक्रिया तेज और प्रभावी होनी चाहिए। इसके लिए संबंधित थाना, पुलिस कैंप और अधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय और संचार व्यवस्था बनाए रखने को कहा गया।
उन्होंने जवानों की समस्याओं और आवश्यकताओं को भी सुना तथा ड्यूटी के दौरान आने वाली परेशानियों के समाधान को लेकर चर्चा की।
जवानों से संवाद कर बढ़ाया मनोबल
निरीक्षण के दौरान SP ने पुलिस अधिकारियों और जवानों से सीधे बातचीत कर उनकी ड्यूटी, चुनौतियों और आवश्यकताओं की जानकारी ली। उन्होंने जवानों को सुरक्षा व्यवस्था में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका का एहसास कराते हुए पूरी सतर्कता और अनुशासन के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया।
कबीरधाम पुलिस का कहना है कि जिले में कानून-व्यवस्था और नागरिकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। सीमावर्ती क्षेत्रों सहित पूरे जिले में पुलिस की सतर्कता और गश्त व्यवस्था को लगातार मजबूत किया जा रहा है।







