बेमेतरा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 83 हजार की अवैध शराब और बाइक जब्त, आरोपी गिरफ्तार
बेमेतरा। पुलिस अधीक्षक श्री त्रिलोक बंसल (IPS) के निर्देशन में बेमेतरा पुलिस द्वारा अवैध गतिविधियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी अभियान के तहत साइबर सेल और सिटी कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम ने अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार, ग्राम जेवरी, थाना एवं जिला बेमेतरा निवासी 24 वर्षीय कलेश्वर पाटिल, पिता गजानंद पाटिल, के कब्जे से बड़ी मात्रा में देशी मसाला शराब बरामद की गई।
130 पाव देशी मसाला शराब जब्त
कार्रवाई के दौरान आरोपी के पास से 130 पाव देशी मसाला शराब, जिसकी कुल मात्रा करीब 23,400 एमएल और कीमत लगभग ₹13,000 बताई गई है, बरामद की गई। शराब के परिवहन में इस्तेमाल की जा रही मोटरसाइकिल क्रमांक CG 25 H 1761, जिसकी अनुमानित कीमत ₹70,000 है, उसे भी पुलिस ने जब्त कर लिया।
पुलिस ने शराब और वाहन समेत कुल ₹83,000 की संपत्ति जब्त करते हुए आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की।
साइबर सेल और सिटी कोतवाली की संयुक्त कार्रवाई
इस कार्रवाई में सिटी कोतवाली बेमेतरा की थाना प्रभारी निरीक्षक सोनल ग्वाला, साइबर सेल प्रभारी निरीक्षक मयंक मिश्रा, प्रशिक्षण उप निरीक्षक निधि गुप्ता, सुरेंद्र साहू, सहायक उप निरीक्षक जितेंद्र कश्यप, साइबर सेल प्रधान आरक्षक योगेश यादव सहित पुलिस टीम के अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
बेमेतरा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
