7 साल से सामाजिक बहिष्कार झेल रहे परिवार को डोंगरगढ़ पुलिस ने दिलाई नई शुरुआत, आपसी विवाद सुलझाकर समाज की मुख्यधारा से जोड़ा
डोंगरगढ़। सामाजिक सद्भाव और आपसी भाईचारे को मजबूत करने की दिशा में डोंगरगढ़ पुलिस एवं प्रशासन ने मानवीय पहल करते हुए ग्राम छिपा में लंबे समय से सामाजिक बहिष्कार का सामना कर रहे गोपीराम वर्मा एवं उनके परिवार को दोबारा समाज की मुख्यधारा से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
तहसीलदार के साथ गांव पहुंची पुलिस टीम
मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस एवं प्रशासन की संयुक्त टीम ने संबंधित पक्षों और समाज के लोगों से बातचीत की। तहसीलदार श्री चिराग रामटेके के साथ थाना प्रभारी एवं प्रशिक्षु उप पुलिस अधीक्षक श्री सुमन जायसवाल के नेतृत्व में पुलिस टीम ग्राम छिपा पहुंची।
अधिकारियों ने सभी पक्षों से चर्चा कर आपसी मतभेद और विवाद को शांतिपूर्ण तरीके से सुलझाने का प्रयास किया। बातचीत और समझाइश के बाद गोपीराम वर्मा एवं उनके परिवार को पुनः समाज में शामिल कराया गया।
ग्रामीणों को दिया भाईचारे का संदेश
इस दौरान ग्रामीणों और समाज के लोगों को आपसी भाईचारा, सामाजिक एकता एवं सद्भाव बनाए रखने के लिए समझाइश दी गई। साथ ही भविष्य में किसी भी विवाद की स्थिति में आपसी संवाद और प्रशासन के सहयोग से समस्या का शांतिपूर्ण समाधान करने की अपील की गई।
पुलिस की मानवीय पहल से मजबूत हुआ भरोसा
डोंगरगढ़ पुलिस की इस पहल का उद्देश्य केवल विवाद का समाधान करना ही नहीं, बल्कि समाज में आपसी विश्वास और सौहार्द को मजबूत करना भी रहा। पुलिस एवं प्रशासन के प्रयास से परिवार को दोबारा सामाजिक मुख्यधारा से जोड़ने की पहल को मानवीय कदम के रूप में देखा जा रहा है।
डोंगरगढ़ पुलिस द्वारा जनता और पुलिस के बीच विश्वास एवं समन्वय मजबूत करने तथा क्षेत्र में सामाजिक सौहार्द बनाए रखने के लिए ऐसे प्रयास लगातार किए जा रहे हैं।
