ईद मिलाद-उन-नबी पर गरियाबंद पुलिस ने मुस्लिम समुदाय को साइबर ठगी से बचाव के प्रति किया जागरूक, 1930 पर शिकायत की दी सलाह
ईद मिलाद-उन-नबी के अवसर पर गरियाबंद पुलिस ने छत्तीसगढ़ पुलिस के निर्देशानुसार चलाए जा रहे “साइबर जागृति अभियान” के तहत मुस्लिम समुदाय के बीच पहुंचकर डिजिटल सुरक्षा और साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक किया।
कार्यक्रम में थाना मैनपुर एवं पाण्डुका के पुलिस अधिकारियों ने नागरिकों को ऑनलाइन फ्रॉड, वित्तीय धोखाधड़ी और सोशल मीडिया के सुरक्षित इस्तेमाल को लेकर महत्वपूर्ण जानकारी दी। पुलिस ने लोगों से साइबर अपराध के प्रति स्वयं जागरूक होने के साथ-साथ अधिक से अधिक लोगों को जागरूक अभियान से जोड़ने की अपील की।

पुलिस ने नागरिकों को सलाह दी कि बैंकिंग जानकारी, एटीएम पिन, पासवर्ड और यूपीआई पिन किसी अनजान व्यक्ति के साथ साझा न करें। संदिग्ध कॉल, लॉटरी या किसी अन्य झांसे में आकर ओटीपी न बताएं। सोशल मीडिया और व्हाट्सएप पर आने वाले अनजान लिंक या APK फाइलों पर क्लिक करने से भी बचें।
पुलिस ने कहा कि किसी भी डराने वाले या संदिग्ध कॉल से घबराने के बजाय तत्काल पुलिस को सूचना दें। साइबर धोखाधड़ी होने पर बिना देरी किए राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत करें अथवा साइबर क्राइम पोर्टल के माध्यम से शिकायत दर्ज कराएं।
