16 मवेशियों की चोरी कर ओडिशा में बेचने वाला अंतर्राज्यीय गिरोह बेनकाब, बालोद पुलिस ने 3 आरोपियों को दबोचा

0
787021454_1407332004915155_3222998458675793202_n

बालोद पुलिस ने 16 नग मवेशियों की चोरी कर उन्हें ओडिशा ले जाकर बेचने के मामले में अंतर्राज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है, जबकि मामले में शामिल एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है।

पुलिस के अनुसार, क्षेत्र में मवेशियों के गुम होने और चोरी की घटनाओं की शिकायतों के बाद मामले की गंभीरता से जांच शुरू की गई। जांच में सामने आया कि अलग-अलग ग्रामीणों की कुल 16 भैंसों को चोरी कर पैदल ओडिशा ले जाया गया था।

पुलिस विवेचना के दौरान मोबाइल लोकेशन और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर दो आरोपियों को पकड़ा गया। पूछताछ में चोरी की गई भैंसों की खरीद-बिक्री और उन्हें ओडिशा के मवेशी बाजार तक पहुंचाने की जानकारी सामने आई।

जांच में यह भी पता चला कि 16 मवेशियों का सौदा पहले करीब 1.50 लाख रुपये में किया गया था, जिसके बाद उन्हें ओडिशा के रायघर मवेशी बाजार में लगभग 2 लाख रुपये में बेच दिया गया।

पुलिस ने कार्रवाई के दौरान आरोपियों के कब्जे से 28 हजार रुपये नकद, एक मोटरसाइकिल, एक एंड्रॉयड मोबाइल और एक की-पैड मोबाइल जब्त किया है। कुल जब्त मशरूका की कीमत लगभग 57 हजार रुपये बताई गई है।

मामले में गिरफ्तार आरोपियों में दो आरोपी ओडिशा के नवरंगपुर जिले के निवासी हैं, जबकि एक आरोपी बालोद जिले का रहने वाला है। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई कर उन्हें न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार, इस मामले का एक आरोपी शिवलाल गोंड अभी फरार है और उसकी लगातार तलाश की जा रही है। बालोद पुलिस की इस कार्रवाई को अंतर्राज्यीय मवेशी चोरी और अवैध बिक्री के नेटवर्क के खिलाफ महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *