कबीरधाम पुलिस की अनोखी पहल: सड़क पर घूमने वाले गौवंश के गले में बांधी रेडियम पट्टी, रात में हादसों को रोकने की नई कोशिश

0
786656839_1865037267796549_8988933850893961034_n

कबीरधाम पुलिस ने गौवंश और आम नागरिकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए सराहनीय पहल की है। बोड़ला पुलिस द्वारा सड़क किनारे बैठे और विचरण करने वाले गौवंश एवं अन्य मवेशियों के गले में रेडियम पट्टी बांधी जा रही है, ताकि रात के समय वाहन चालकों को ये दूर से दिखाई दे सकें।

पुलिस की इस पहल के तहत वाहन की हेडलाइट पड़ते ही मवेशियों के गले में लगी रेडियम पट्टी चमकने लगेगी। इससे अंधेरे में सड़क पर मौजूद पशुओं को वाहन चालक पहले ही देख सकेंगे और समय रहते वाहन की गति नियंत्रित कर दुर्घटना से बच सकेंगे।

अक्सर रात के समय हाईवे और अन्य सड़कों पर घूमने वाले मवेशी सड़क दुर्घटनाओं का कारण बन जाते हैं। ऐसे में रेडियम पट्टी लगाने की यह पहल न केवल गौवंश और अन्य पशुओं की सुरक्षा में मददगार साबित हो सकती है, बल्कि वाहन चालकों और आम नागरिकों की जान-माल की सुरक्षा के लिए भी महत्वपूर्ण कदम है।

कबीरधाम पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि सड़क या हाईवे पर मवेशी दिखाई देने पर सुरक्षित तरीके से उन्हें सड़क किनारे पहुंचाने में सहयोग करें। पुलिस ने कहा कि पशुओं और आमजन की सुरक्षा सामूहिक जिम्मेदारी है और सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए सभी की भागीदारी जरूरी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *