साइबर क्राइम मुक्त छत्तीसगढ़ अभियान: भानुप्रतापपुर पुलिस ने विद्यार्थियों को किया जागरूक, खेल प्रतियोगिता में भी दिखा उत्साह
“साइबर क्राइम मुक्त छत्तीसगढ़” अभियान के तहत थाना भानुप्रतापपुर पुलिस ने कैंप मुला में साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम में “पुनः पर्याण नई उड़ान” के अंतर्गत पुलिस फोर्स में चयन के लिए प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे विद्यार्थियों के साथ गणमान्य नागरिकों ने भी सहभागिता की।
कार्यक्रम के दौरान थाना प्रभारी श्री अंबर सिंह भारद्वाज ने विद्यार्थियों और उपस्थित नागरिकों को ऑनलाइन ठगी और डिजिटल अपराधों से बचाव की जानकारी दी। उन्होंने फर्जी कॉल, संदिग्ध लिंक, धोखाधड़ी वाले मैसेज, OTP, PIN, CVV और बैंकिंग फ्रॉड जैसी साइबर ठगी के तरीकों से सतर्क रहने की अपील की।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि डिजिटल लेनदेन और सोशल मीडिया के बढ़ते उपयोग के बीच साइबर अपराधों से बचाव के लिए जागरूकता बेहद जरूरी है। किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ बैंकिंग संबंधी जानकारी साझा नहीं करनी चाहिए और संदिग्ध लिंक या संदेशों से सावधान रहना चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय खेल दिवस के उपलक्ष्य में प्रशिक्षणार्थी विद्यार्थियों के लिए खेल प्रतियोगिता भी आयोजित की गई। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया और उनका उत्साहवर्धन किया गया।
इस आयोजन में उप निरीक्षक श्रीमती सुष्मिता सिंह, उप निरीक्षक श्री फलित राम साहू सहित थाना भानुप्रतापपुर पुलिस स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस ने नागरिकों से अपील की कि साइबर ठगी का शिकार होने पर बिना देरी किए राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत करें और स्वयं के साथ-साथ अपने परिवार एवं आसपास के लोगों को भी साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करें।







