डोंगरगढ़ में गोविंदा उत्सव बना ‘जीरो-इंसिडेंट’ आयोजन, 50 हजार से अधिक श्रद्धालुओं की सुरक्षा में राजनांदगांव पुलिस की अभूतपूर्व व्यवस्था

0

राजनांदगांव: डोंगरगढ़ में गोविंदा उत्सव एवं कृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव इस वर्ष बिना किसी अप्रिय घटना, गंभीर विवाद, भगदड़ या बड़ी कानून-व्यवस्था की समस्या के शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। 50 हजार से अधिक श्रद्धालुओं और नागरिकों की लगातार आवाजाही के बावजूद आयोजन का जीरो-इंसिडेंट रहना राजनांदगांव पुलिस की सुनियोजित सुरक्षा व्यवस्था, सतत निगरानी और बेहतर समन्वित पुलिसिंग का परिणाम रहा।

पुलिस अधीक्षक राजनांदगांव सुश्री अंकिता शर्मा (भा.पु.से.) के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में पुलिस ने आयोजन से करीब एक सप्ताह पहले ही सुरक्षा और यातायात व्यवस्था की विस्तृत योजना तैयार कर ली थी। गोविंदा उत्सव समिति, आयोजकों, डीजे एवं साउंड संचालकों तथा अन्य संबंधित पक्षों के साथ बैठक कर शोभायात्रा के मार्ग, कार्यक्रमों और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

उत्सव के दौरान नगर के प्रमुख क्षेत्रों में शोभायात्रा सहित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित हुए। आत्मानंद स्कूल मैदान, गोल बाजार चौक, नाकापारा, देवेश्वरी पारा, देव नगर और रेलवे स्टेशन सहित करीब पांच प्रमुख स्थानों पर कार्यक्रम हुए। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की मौजूदगी को देखते हुए पुलिस ने आयोजन स्थलों, शोभायात्रा मार्ग और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में विशेष सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था लागू की।

300 से अधिक पुलिस अधिकारी-कर्मचारी रहे तैनात

आयोजन को सुरक्षित एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए 300 से अधिक पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई थी। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर, पुलिस अनुविभागीय अधिकारी केसरी नंदन नायक, नगर पुलिस अधीक्षक वैशाली जैन, उप पुलिस अधीक्षक एंब्रोस कुजूर, केके बाजपेयी, सतानंद विंध्यराज और उप पुलिस अधीक्षक सुमन जायसवाल सहित जिले के विभिन्न थाना एवं चौकी प्रभारी लगातार मैदान में सक्रिय रहे।

पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने शोभायात्रा के पूरे मार्ग, प्रमुख चौक-चौराहों और कार्यक्रम स्थलों पर लगातार निगरानी रखी। भीड़ को व्यवस्थित रखने के साथ यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने पर विशेष ध्यान दिया गया। संवेदनशील एवं भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहा।

तैयारी, निगरानी और जनता के सहयोग से सफल रहा आयोजन

डोंगरगढ़ जैसे धार्मिक एवं पर्यटन महत्व वाले शहर में 50 हजार से अधिक लोगों की मौजूदगी के बीच किसी भी गंभीर अप्रिय घटना का न होना पुलिस की पूर्व तैयारी, प्रभावी सुरक्षा रणनीति, भीड़ प्रबंधन और मैदानी पुलिसिंग को दर्शाता है।

राजनांदगांव पुलिस की मुस्तैदी और आम नागरिकों के सहयोग से गोविंदा उत्सव शांतिपूर्ण, सुव्यवस्थित और पूर्णतः जीरो-इंसिडेंट आयोजन के रूप में संपन्न हुआ। पुलिस की यह सफलता धार्मिक आयोजनों के दौरान सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने की प्रतिबद्धता को और मजबूत करती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *