राजनांदगांव में अवैध गौवंश परिवहन पर सोमनी पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 18 भैंस बरामद; 8.80 लाख की संपत्ति जब्त

0

राजनांदगांव: गौवंश के अवैध परिवहन के खिलाफ थाना सोमनी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 18 नग भैंसों को बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी इन मवेशियों को टाटा आयसर वाहन में भरकर महाराष्ट्र के भंडारा ले जा रहा था। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान 18 भैंस और परिवहन में प्रयुक्त वाहन समेत कुल 8 लाख 80 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की है।

पुलिस के अनुसार पेट्रोलिंग के दौरान मुखबिर से सूचना मिली थी कि टाटा आयसर वाहन क्रमांक CG-15-DZ-4514 में अवैध रूप से मवेशियों को भरकर दुर्ग से राजनांदगांव की ओर ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर सोमनी पुलिस ने ठाकुरटोला टोल प्लाजा के सामने नाकाबंदी कर वाहनों की जांच शुरू की।

इसी दौरान संदिग्ध आयसर वाहन को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन पुलिस को देखकर चालक ने वाहन को यू-टर्न लेकर तेज रफ्तार से दुर्ग की ओर भगाने की कोशिश की। पुलिस टीम ने पीछा किया। ग्राम टेडेसरा के पास जीई रोड पर चालक ने अपना ढाबा के सामने बने डिवाइडर से वाहन टकरा दिया, जिसके बाद पुलिस ने उसे पकड़ लिया।

पूछताछ में चालक ने अपना नाम संगीत मधुकर उर्फ टेटे, उम्र 30 वर्ष, निवासी ग्राम पथर्रा, थाना भिलाई-3, जिला दुर्ग बताया। आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह अपने साथी राजू पारधी, निवासी बुचीडीह सरदा, के साथ ग्राम पथर्रा से 18 भैंसों को वाहन में भरकर अवैध रूप से भंडारा ले जा रहा था।

18 भैंस और आयसर वाहन जब्त

वाहन की तलाशी लेने पर उसके अंदर 18 नग भैंस बरामद हुईं। पुलिस ने मौके से 18 भैंसों की अनुमानित कीमत 1 लाख 80 हजार रुपये तथा टाटा आयसर वाहन की कीमत 7 लाख रुपये आंकी है। इस तरह कुल 8 लाख 80 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की गई।

आरोपी के खिलाफ पशु क्रूरता निवारण अधिनियम, 1960 की धारा 11, छत्तीसगढ़ कृषिक पशु परिरक्षण अधिनियम की धारा 4, 6, 10 तथा बीएनएस की धारा 3(5) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।

आरोपी जेल दाखिल, दूसरे आरोपी की तलाश जारी

पुलिस ने संगीत मधुकर उर्फ टेटे को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। न्यायालय से ज्युडिशियल रिमांड एवं जेल वारंट जारी होने के बाद आरोपी को जेल दाखिल करा दिया गया। मामले में संलिप्त राजू पारधी की तलाश जारी है और पुलिस द्वारा आगे की विवेचना की जा रही है।

कार्रवाई में थाना सोमनी के प्रधान आरक्षक दुलेश्वर साहू, बद्रीनाथ दिनकर तथा आरक्षक तुषार मरकाम और मनोज ठाकुर की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

थाना सोमनी पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि क्षेत्र में गौवंश के अवैध परिवहन, पशु क्रूरता, पशु तस्करी अथवा किसी अन्य संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल नजदीकी पुलिस थाना को सूचना दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *