कांकेर में निवेश के नाम पर करीब 70 करोड़ की ठगी का पर्दाफाश, 500 लोगों को बनाया निशाना; 2 आरोपी गिरफ्तार
कांकेर: निवेश के नाम पर लोगों को अधिक मुनाफे का लालच देकर कथित तौर पर करोड़ों रुपये की ठगी करने के मामले में कांकेर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस के अनुसार, महालक्ष्मी इंटरप्राइजेज के जरिए करीब 500 लोगों से लगभग 70 करोड़ रुपये की ठगी किए जाने का आरोप है। मामले में थाना अंतागढ़ पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

5 प्रतिशत ब्याज और रकम दोगुनी करने का लालच
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने लोगों को कंपनी में निवेश करने पर 5 प्रतिशत ब्याज देने और करीब डेढ़ साल में रकम दोगुनी करने का लालच दिया। आरोप है कि कांकेर के अलावा दंतेवाड़ा, कोंडागांव, बीजापुर और अन्य क्षेत्रों के लोगों को भी निवेश के नाम पर झांसे में लिया गया।
लोगों को कंपनी में पैसा लगाने के लिए लोन लेने तक के लिए प्रेरित किए जाने की बात भी पुलिस की जांच में सामने आई है। बड़ी संख्या में लोगों से रकम जुटाने के बाद मामला पुलिस तक पहुंचा, जिसके बाद जांच शुरू की गई।
तकनीकी साक्ष्यों से बेमेतरा और रायपुर तक पहुंची पुलिस
पुलिस अधीक्षक श्री निखिल राखेचा (भापुसे) के निर्देशन और वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू की और दयाशंकर साहू को बेमेतरा तथा नितिन निर्मलकर को रायपुर से गिरफ्तार किया।
दोनों आरोपियों को गिरफ्तार करने के बाद पुलिस ने उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। थाना अंतागढ़ में अपराध क्रमांक 58/2026 के तहत प्रकरण दर्ज कर मामले की विवेचना जारी है।
पुलिस की अपील—असामान्य मुनाफे के लालच में न करें निवेश
कांकेर पुलिस ने लोगों से अपील की है कि कम समय में पैसा दोगुना करने, असामान्य ब्याज या अत्यधिक मुनाफे का लालच देने वाली निवेश योजनाओं से सावधान रहें। किसी भी कंपनी में पैसा लगाने से पहले उसकी विश्वसनीयता, पंजीयन और वैधानिकता की जांच जरूर करें।
पुलिस की जांच में ठगी की कुल रकम, निवेशकों की संख्या और मामले से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका के संबंध में आगे और जानकारी सामने आने की संभावना है।
