छत्तीसगढ़ में ईडी की कार्रवाई पर प्रियंका गांधी की प्रतिक्रिया: कहा, विपक्ष को चुप कराने की हो रही कोशिश
रायपुर। कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने छत्तीसगढ़ की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने सोशल मीडिया के माध्यम से आरोप लगाया कि राज्य सरकार ने राज्य के वन क्षेत्रों को उद्योगपति अडानी को सौंप दिया है और इसके विरोध को रोकने के लिए विपक्ष की आवाज को दबाया जा रहा है।
अपने ट्वीट में प्रियंका गांधी ने कहा कि राज्य सरकार पेसा कानून और नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल (NGT) के निर्देशों को नजरअंदाज करते हुए जंगलों का अंधाधुंध दोहन कर रही है। उन्होंने लिखा कि पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल विधानसभा में इस मुद्दे को उठाने वाले थे, लेकिन उससे पहले ही उनके आवास पर ईडी की छापेमारी कर दी गई और उनके बेटे को गिरफ्तार कर लिया गया।
“विपक्ष को चुप कराने की साजिश”
प्रियंका गांधी ने भाजपा पर राजनीतिक प्रतिशोध का आरोप लगाते हुए कहा कि बीते एक दशक में देश यह भलीभांति समझ चुका है कि किस तरह सत्ता का दुरुपयोग कर विपक्षी नेताओं को डराने की कोशिश की जाती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का हर कार्यकर्ता भूपेश बघेल के साथ खड़ा है और इन दबाव की रणनीतियों से न तो सच्चाई दबेगी और न ही विपक्ष की आवाज कमजोर होगी।
कांग्रेस नेता के इस बयान ने छत्तीसगढ़ की राजनीति में नया मोड़ ला दिया है, जहां ईडी की हालिया कार्रवाई पहले ही चर्चा का विषय बनी हुई है।
