37वां सड़क सुरक्षा माह 2026: कांकेर में ऑटो चालकों के लिए प्रशिक्षण व दस्तावेज़ सत्यापन शिविर आयोजित

0
2 jan 1

37वें सड़क सुरक्षा माह 2026 के अंतर्गत कांकेर पुलिस द्वारा शहर में यातायात जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ऑटो चालकों के लिए विशेष प्रशिक्षण एवं दस्तावेज़ सत्यापन शिविर का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम आज 02 जनवरी 2026 को नए बस स्टैंड डोम, कांकेर में संपन्न हुआ।

यह शिविर पुलिस अधीक्षक कांकेर श्री निखिल राखेचा (B.P.S.) के मार्गदर्शन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भानुप्रतापपुर श्री आकाश श्रीमल के निर्देशन में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में रक्षित निरीक्षक/परिवहन प्रभारी श्री दीपक साव एवं यातायात पुलिस बल कांकेर की सक्रिय भूमिका रही।

प्रशिक्षण के दौरान ऑटो चालकों को यातायात नियमों की विस्तृत जानकारी दी गई तथा सड़क सुरक्षा से संबंधित पंपलेट्स सभी ऑटो वाहनों में लगाए गए। शिविर में चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस की जांच की गई और जिनके पास लाइसेंस नहीं था, उन्हें यातायात माह के दौरान लाइसेंस बनवाने के लिए प्रेरित किया गया। इसके साथ ही सड़क दुर्घटना की स्थिति में घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाने के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए गए।

जिले में बढ़ते अपराधों की रोकथाम के लिए पुलिस अधीक्षक कांकेर द्वारा जारी व्हाट्सएप हेल्पलाइन नंबर 9479155125, कंट्रोल रूम कांकेर 9479190161 एवं हाईवे हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी ऑटो चालकों को दी गई ताकि वे आम नागरिकों तक इसका प्रचार कर सकें। लगभग 70–80 ऑटो वाहनों में पुलिस मुख्यालय रायपुर से प्राप्त यातायात जागरूकता पंपलेट लगाए गए।

इस अवसर पर ऑटो चालकों को वर्दी, नेम प्लेट, वाहन टोकन अनिवार्य रूप से लगाने के निर्देश दिए गए। प्रशिक्षण के दौरान ऑटो चालक श्री चेतन राम साहू (पांडरीपानी, कांकेर) को उनके संपूर्ण दस्तावेज़, स्वच्छ वर्दी एवं सुव्यवस्थित वाहन के लिए प्रशंसा की गई तथा उन्हें यातायात माह के समापन समारोह में सम्मानित किए जाने की घोषणा की गई।

कार्यक्रम में लगभग 70–80 ऑटो चालक एवं ऑटो संघ अध्यक्ष श्री शाहिल मेहरा उपस्थित रहे। इस दौरान ऑटो संघ के अध्यक्ष सहित सभी चालकों ने यातायात नियमों का पालन करने की सामूहिक शपथ भी ली।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

हो सकता है आप चूक गए हों