गरियाबंद पुलिस की अनोखी पहल ‘एक शहीदों के नाम’, शहीदों को समर्पित देशभक्ति कार्यक्रम
गरियाबंद पुलिस द्वारा सिल्वर जुबली 2025-26 समारोह के समापन अवसर पर देशभक्ति से ओत-प्रोत विशेष कार्यक्रम “एक शहीदों के नाम” का आयोजन पुलिस लाइन गरियाबंद में किया गया। इस कार्यक्रम के माध्यम से देश के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर सपूतों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

कार्यक्रम में जिला कलेक्टर श्री बी.एस. उइके, पुलिस अधीक्षक श्री वेदव्रत सिरमौर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री धीरेंद्र पटेल, नगर पालिका अध्यक्ष श्री ऋखी यादव, सहित डीएसपी लितेश सिंह, एसडीओपी निशा सिन्हा, डीएसपी गरिमा डडार, डीएसपी गोपाल वैश्य और डीएसपी मंजुलता राठौर समेत अनेक अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य युवा पीढ़ी को शहीदों के बलिदान से अवगत कराना और उनमें देशभक्ति की भावना को जागृत करना था। स्कूली बच्चों द्वारा देशभक्ति गीतों और नृत्य की प्रस्तुतियां दी गईं, जिनमें वीर शहीदों के जीवन और त्याग को जीवंत रूप में दर्शाया गया।

कराओके सिंगिंग ग्रुप द्वारा प्रस्तुत देशभक्ति गीतों ने पूरे माहौल को देशभक्ति से भर दिया। उपस्थित लोगों ने शहीदों को नमन करते हुए उनके बलिदान को याद किया।
इस अवसर पर जिला कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने कहा कि देश की सीमाओं की रक्षा में अपने प्राण न्योछावर करने वाले वीर जवानों के सम्मान में यह आयोजन एक छोटा सा प्रयास है, और उनकी शहादत को कभी भुलाया नहीं जा सकता।
