महिला सुरक्षा को लेकर जांजगीर में ऐतिहासिक जागरूकता अभियान का समापन, ऑडिटोरियम हॉल में भव्य कार्यक्रम
जांजगीर-चांपा जिले में महिला सुरक्षा और सशक्तिकरण को लेकर चलाए गए विशेष जनजागरूकता अभियान का समापन ऑडिटोरियम हॉल, जांजगीर में भव्य कार्यक्रम के साथ किया गया। इस समापन कार्यक्रम में महिलाओं और बालिकाओं की बड़ी भागीदारी देखने को मिली।
इस अवसर पर मेहंदी, रंगोली प्रतियोगिता और क्विज कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिसमें अनुसूचित जाति-जनजाति छात्रावास की छात्राएं, भीमा पॉण्ड व वार्ड क्रमांक 13 जांजगीर की महिला कमांडो, पतंजलि महिला समूह और वीआईपी सखी समूह की महिलाओं ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।
यह अभियान पुलिस अधीक्षक श्री विजय कुमार पांडेय (IPS) के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री उमेश कुमार कश्यप के मार्गदर्शन में तथा सीएसपी जांजगीर योगिताबली खपर्डे के नेतृत्व में जिलेभर में चलाया गया। इसका उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को उनके अधिकारों, कानूनों और सुरक्षा उपायों की जानकारी देना था।
अभियान के दौरान शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में स्कूल-कॉलेजों, गांवों और मोहल्लों में बैठकें, कार्यशालाएं और संवाद कार्यक्रम आयोजित कर महिला सुरक्षा, साइबर अपराध, घरेलू हिंसा, बाल विवाह, पॉक्सो एक्ट, महिला हेल्पलाइन 112 व 181 जैसी महत्वपूर्ण जानकारियां साझा की गईं।
समापन समारोह में पूर्व सांसद श्रीमती कमला देवी पाटले सहित कई जनप्रतिनिधि, समाजसेवी संस्थाएं, महिला समूह, छात्र-छात्राएं और आम नागरिक उपस्थित रहे।
इस मौके पर सीएसपी जांजगीर ने महिलाओं से निर्भीक होकर अपराधों की सूचना देने और कानून के साथ सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि सुरक्षित समाज के निर्माण में महिलाओं की भूमिका बेहद अहम है और पुलिस भविष्य में भी ऐसे जागरूकता अभियान लगातार चलाती रहेगी।




