कांकेर में ट्रैफिक पुलिस का बड़ा एक्शन: 100 से अधिक मॉडिफाइड साइलेंसर जब्त, बुलडोजर से किए गए नष्ट
कांकेर। जिले में ध्वनि प्रदूषण पर नियंत्रण और यातायात नियमों के सख्त पालन को लेकर यातायात पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस अधीक्षक कांकेर श्री निखिल राखेचा के निर्देश तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भानुप्रतापपुर श्री आकाश श्रीमाल के मार्गदर्शन और उप पुलिस अधीक्षक डॉ. मेखलेंद्र प्रताप सिंह के पर्यवेक्षण में यह विशेष अभियान चलाया गया।

दिनांक 27.01.2026 को यातायात प्रभारी निरीक्षक श्री दीपक साव के नेतृत्व में यातायात पुलिस कांकेर द्वारा विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया, जिसमें मोटरसाइकिलों में अवैध रूप से लगाए गए मॉडिफाइड साइलेंसरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान करीब 100 से अधिक वाहनों को जब्त किया गया।

जप्त किए गए सभी मॉडिफाइड साइलेंसरों को सिविल लाइन मार्ग पर सार्वजनिक रूप से बुलडोजर चलाकर नष्ट किया गया, ताकि आम नागरिकों को स्पष्ट संदेश दिया जा सके कि नियमों का उल्लंघन किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि तेज आवाज वाले मॉडिफाइड साइलेंसर न केवल कानूनन अपराध हैं, बल्कि इससे ध्वनि प्रदूषण बढ़ता है, सामाजिक शांति भंग होती है और सड़क दुर्घटनाओं की आशंका भी बढ़ जाती है। भविष्य में किसी भी वाहन में इस तरह का साइलेंसर पाए जाने पर और भी कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
यातायात पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे मोटरयान अधिनियम का पालन करें, यातायात नियमों का सम्मान करें और सुरक्षित व शांतिपूर्ण यात्रा सुनिश्चित करें। जिले में यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
