सुदूर माड़ क्षेत्र में कांकेर पुलिस का भरोसे का अभियान: राहत सामग्री वितरण के साथ विकास योजनाओं से जोड़े गए ग्रामीण
कांकेर। सुदूर एवं सीमावर्ती माड़ क्षेत्र में आम नागरिकों से विश्वास और संवाद मजबूत करने के उद्देश्य से कांकेर पुलिस द्वारा विशेष सिविक एक्शन कार्यक्रम आयोजित किया गया। पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा (IPS) के नेतृत्व में 18 अप्रैल 2026 को जिला कांकेर एवं नारायणपुर सीमा क्षेत्र के ग्राम डोमांज, मुतनतोड़ा, उकाट, बड़ेकोट एवं गेड़ाबेड़ा में यह अभियान चलाया गया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य दूरस्थ ग्रामीणों तक पहुंचकर उनकी समस्याएं सुनना, पुलिस-जन विश्वास को मजबूत करना तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्रदान करना रहा। पुलिस टीम ने ग्रामीणों के साथ आत्मीय संवाद स्थापित करते हुए उनकी आवश्यकताओं को समझा और मौके पर ही राहत सामग्री वितरित की।
अभियान के दौरान ग्रामीणों को साड़ी, धोती, चप्पल, गमछा, टी-शर्ट, लोवर, कंबल एवं राशन सामग्री प्रदान की गई। साथ ही उन्हें महतारी वंदन योजना, वृद्धा पेंशन, राशन कार्ड, आधार कार्ड, बैंक खाता और आयुष्मान कार्ड जैसी योजनाओं का लाभ लेने के लिए जागरूक किया गया। संबंधित विभागों से समन्वय कर योजनाओं का लाभ शीघ्र दिलाने का आश्वासन भी दिया गया।
स्वास्थ्य एवं शिक्षा को प्राथमिकता देते हुए पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने, गंभीर मरीजों को तत्काल अस्पताल पहुंचाने तथा बच्चों की नियमित स्कूल उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए प्रेरित किया।
कांकेर पुलिस ने क्षेत्र में शांति, भाईचारा एवं विकास के लिए ग्रामीणों से सहयोग की अपील करते हुए भटके युवाओं को मुख्यधारा में लौटकर सामान्य जीवन अपनाने का संदेश भी दिया। “सुरक्षा के साथ संवेदना” की भावना से संचालित यह अभियान पुलिस और ग्रामीणों के बीच विश्वास का मजबूत पुल साबित हो रहा है।
