चलती बस में लगी आग! ग्वालियर पुलिस ने कांच तोड़कर बचाईं 21 यात्रियों की जान
मध्यप्रदेश के ग्वालियर में झांसी रोड थाना पुलिस की त्वरित कार्रवाई और साहसिक प्रयास से बड़ा हादसा टल गया। टायर फटने के बाद एक वीडियोकोच बस में अचानक आग लग गई, जिससे यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही झांसी रोड थाना पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और स्थिति की गंभीरता को देखते हुए बिना देरी किए राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
🔥 कैसे टला बड़ा हादसा
बस में आग तेजी से फैल रही थी और यात्री अंदर फंसे हुए थे। पुलिसकर्मियों ने जोखिम उठाते हुए बस के कांच तोड़कर यात्रियों को बाहर निकालना शुरू किया। पुलिस की सूझबूझ और तेज कार्रवाई से कुल 21 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
समय रहते सभी यात्रियों को बस से बाहर निकाल लेने के कारण संभावित जनहानि टल गई।
पुलिस की सजगता बनी जीवन रक्षक
मध्यप्रदेश पुलिस की सतर्कता, साहस और मानवीय संवेदनशीलता के कारण यह बड़ा हादसा टल गया। स्थानीय लोगों ने भी पुलिस की त्वरित कार्रवाई की सराहना की।

