कांकेर: अवैध गांजा तस्करी पर बड़ी कार्रवाई, 4 आरोपी गिरफ्तार
कांकेर पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे “उजियार अभियान” के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से भारी मात्रा में गांजा, मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन बरामद किए हैं।

पुलिस अधीक्षक निखिल अशोक कुमार राखेचा के निर्देशन में गठित विशेष टीम को सूचना मिली थी कि केशकाल क्षेत्र से कांकेर की ओर अवैध गांजा लाया जा रहा है। सूचना के आधार पर ग्राम कुलगांव स्थित कान्हा ढाबा के पास घेराबंदी कर संदिग्ध वाहनों की जांच की गई।
तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से 5 किलो 550 ग्राम गांजा, दो मोटरसाइकिल, तीन मोबाइल फोन एवं नगद राशि जब्त की। बरामद सामग्री की कुल अनुमानित कीमत ₹3,33,850 आंकी गई है।
गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(B) के तहत अपराध दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में मादक पदार्थों की आपूर्ति श्रृंखला को तोड़ने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।
