6 साल बाद माँ से मिला मासूम दीपक, रायपुर पुलिस की मेहनत लाई खुशियों की वापसी
छह वर्ष पूर्व अपने परिवार से बिछड़े मासूम दीपक को रायपुर पुलिस कमिश्नरेट की सतत् प्रयासों से सुरक्षित खोजकर उसकी माँ के सुपुर्द किया गया। इस भावुक पुनर्मिलन ने पुलिस की संवेदनशील कार्यशैली और मानवीय पहल को एक बार फिर उजागर किया है।
रायपुर पुलिस कमिश्नरेट के नॉर्थ जोन अंतर्गत थाना खम्हारडीह पुलिस टीम ने लगातार पतासाजी, तकनीकी विश्लेषण और अथक मेहनत करते हुए बच्चे की तलाश जारी रखी। पुलिस टीम को सफलता तब मिली जब दीपक को बेंगलुरु (कर्नाटक) में खोज निकाला गया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार बच्चे की लोकेशन ट्रेस करने के लिए तकनीकी संसाधनों का उपयोग किया गया और विभिन्न राज्यों के पुलिस तंत्र से समन्वय स्थापित किया गया। लंबी खोजबीन के बाद मासूम को सकुशल बरामद कर रायपुर लाया गया और उसकी माँ को सौंप दिया गया।
करीब छह वर्षों बाद बेटे को सामने पाकर माँ भावुक हो उठी और रायपुर पुलिस का आभार व्यक्त किया। इस सफलता ने पुलिस की संवेदनशीलता, समर्पण और नागरिक सुरक्षा के प्रति प्रतिबद्धता को मजबूत संदेश दिया है।
रायपुर पुलिस कमिश्नरेट ने कहा कि लापता बच्चों की खोज और परिवारों को पुनः मिलाने का अभियान निरंतर जारी रहेगा।
