धमतरी पुलिस की “पुलिस की पाठशाला” को बड़ी उपलब्धि, योग प्रशिक्षक आरक्षक सुजय मंडल राज्यपाल से सम्मानित
धमतरी पुलिस की अभिनव पहल “पुलिस की पाठशाला” को बड़ी उपलब्धि मिली है। पुलिस अधीक्षक धमतरी के मार्गदर्शन में योग प्रशिक्षण दे रहे आरक्षक सुजय मंडल को उत्कृष्ट योग प्रशिक्षण एवं अनुकरणीय सेवाओं के लिए राजभवन में सम्मानित किया गया।

महामहिम राज्यपाल श्री रमन डेका ने आरक्षक सुजय मंडल को नगद पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। इस अवसर पर पुलिस लाइन रुद्री में योग प्रशिक्षण प्राप्त कर रही उनकी शिष्या रूची साहू को भी राज्यपाल महोदय के हाथों सम्मान प्राप्त हुआ।
आरक्षक सुजय मंडल मयूरासन से लेकर शीर्षासन जैसे कठिन योग आसनों में निपुण हैं और वे पुलिस जवानों को नियमित रूप से फिटनेस, अनुशासन एवं मानसिक सशक्तिकरण का विशेष प्रशिक्षण दे रहे हैं। उनके प्रशिक्षण से पुलिस बल में शारीरिक क्षमता के साथ मानसिक संतुलन और आत्मविश्वास को भी मजबूती मिल रही है।

धमतरी पुलिस की “पुलिस की पाठशाला” पहल के माध्यम से जवानों और युवाओं में स्वास्थ्य, योग और सकारात्मक जीवनशैली को बढ़ावा देने का निरंतर प्रयास किया जा रहा है।
