सड़क सुरक्षा को लेकर रतलाम पुलिस का सतत अभियान जारी, दुर्घटना संभावित हॉट स्पॉट पर लगाए जा रहे चेतावनी बोर्ड

0

रतलाम पुलिस द्वारा जिले में सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से विशेष सड़क सुरक्षा अभियान लगातार चलाया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक अमित कुमार (भा.पु.से.) के निर्देशन में यातायात पुलिस, एमपीआरडीसी, आरटीओ विभाग और टोल प्लाजा प्रबंधन के सहयोग से दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में सुरक्षा संबंधी सुधार कार्य तेज़ी से किए जा रहे हैं।

पूर्व में पुलिस अधीक्षक अमित कुमार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार लाल, उप पुलिस अधीक्षक यातायात आनंद स्वरूप सोनी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों द्वारा जिले के प्रमुख राष्ट्रीय राजमार्गों एवं दुर्घटना संभावित हॉट स्पॉट क्षेत्रों का संयुक्त निरीक्षण किया गया था। निरीक्षण के दौरान सातरुंडा चौराहा, रत्नागिरी, बिलपांक फंटा, सालाखेड़ी फंटा, सनावदा फंटा, खाचरोद फंटा, सेजावता फंटा, इप्का फैक्ट्री तिराहा, पंचेड़ फंटा, पलदूना फंटा, नामली गोकुल चाय तिराहा, भैंसा देवी फंटा, कांडरवासा और बड़ौदा फंटा सहित कई संवेदनशील स्थानों का बारीकी से अध्ययन किया गया।

निरीक्षण के दौरान सड़क दुर्घटनाओं के कारणों का विश्लेषण कर संबंधित विभागों को त्वरित सुधारात्मक कार्यवाही के निर्देश दिए गए थे। निर्देशों के पालन में अब यातायात पुलिस रतलाम द्वारा टोल कंपनी एवं एमपीआरडीसी के सहयोग से दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में चेतावनी बोर्ड लगाए जा रहे हैं, ताकि वाहन चालक पहले से सतर्क होकर नियंत्रित गति से वाहन चला सकें।

इसके साथ ही रात्रिकालीन दृश्यता बढ़ाने, संकेतक व्यवस्था सुधारने और सड़क सुरक्षा मानकों को मजबूत करने की दिशा में लगातार कार्य जारी है। यातायात पुलिस द्वारा संबंधित एजेंसियों के साथ समन्वय स्थापित कर हाईवे और प्रमुख मार्गों पर सुरक्षा उपायों को प्रभावी बनाया जा रहा है।

रतलाम पुलिस का यह अभियान सड़क दुर्घटनाओं को कम करने, लोगों में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने और सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

हो सकता है आप चूक गए हों