स्कूल पहुंचे पुलिसकर्मी, बच्चों संग लगाया हरियाली का संकल्प! गरियाबंद पुलिस की अनोखी पहल चर्चा में
गरियाबंद। पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक सहभागिता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से गरियाबंद पुलिस ने जिलेभर में विशेष ‘एकता वृक्षारोपण अभियान’ चलाया। पुलिस अधीक्षक वेदव्रत सिरमौर के निर्देशन में विभिन्न थाना क्षेत्रों की पुलिस टीमों ने स्कूलों में पहुंचकर छात्र-छात्राओं और शिक्षकों के साथ मिलकर पौधारोपण किया।
अभियान के दौरान पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण का महत्व समझाते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि स्वच्छ और हरित वातावरण का निर्माण सभी की साझा जिम्मेदारी है और इसमें बच्चों की भागीदारी बेहद महत्वपूर्ण है।
कार्यक्रम के तहत जिले के सरकारी और निजी विद्यालयों में छायादार एवं फलदार पौधे लगाए गए। पौधारोपण के साथ विद्यार्थियों को इन पौधों की सुरक्षा और देखभाल का संकल्प भी दिलाया गया, ताकि भविष्य में ये पौधे पर्यावरण को समृद्ध बनाने में योगदान दे सकें।
इस पहल के माध्यम से गरियाबंद पुलिस ने सामुदायिक पुलिसिंग को भी नई मजबूती दी। पुलिस और विद्यार्थियों की सहभागिता से बच्चों में पुलिस के प्रति विश्वास बढ़ा और उन्होंने पूरे उत्साह के साथ अभियान में हिस्सा लेकर हरियाली बढ़ाने का संदेश दिया।
