खेलते-खेलते घर से भटका 2 वर्षीय मासूम, भोपाल डायल-112 ने परिजनों से मिलाकर लौटाई मुस्कान
भोपाल पुलिस कमिश्नरेट के डायल-112 जवानों ने संवेदनशीलता और तत्परता का परिचय देते हुए घर का रास्ता भटक गए 2 वर्षीय मासूम को सुरक्षित उसके परिजनों से मिलाकर मानवता की मिसाल पेश की।
घटना भोपाल के थाना छोला मंदिर क्षेत्र की है, जहां अर्चना गैस एजेंसी के पास एक 2 वर्षीय बच्चा अकेला मिला। इसकी सूचना 21 जुलाई 2026 को शाम करीब 5 बजे राज्य स्तरीय पुलिस कंट्रोल रूम डायल-112 भोपाल को मिली। सूचना मिलते ही थाना छोला मंदिर में तैनात डायल-112 वाहन को तत्काल मौके के लिए रवाना किया गया।

मौके पर पहुंचे आरक्षक हसीब खान और पायलट पुष्पेंद्र सिंह ने बच्चे को सुरक्षित संरक्षण में लिया। इसके बाद आसपास के क्षेत्र में परिजनों की तलाश शुरू की गई। साथ ही कंट्रोल रूम, स्थानीय थानों और सोशल मीडिया के माध्यम से भी बच्चे की जानकारी साझा कर खोजबीन तेज की गई।
लगातार प्रयासों के बाद बच्चे के परिजन उसकी तलाश करते हुए मौके पर पहुंचे। आवश्यक पहचान और सत्यापन की प्रक्रिया पूरी करने के बाद मासूम को सुरक्षित उसके परिवार के सुपुर्द कर दिया गया।
अपने बच्चे को सकुशल वापस पाकर परिजनों ने डायल-112 पुलिस जवानों की त्वरित कार्रवाई, संवेदनशीलता और समर्पित कार्यशैली की सराहना करते हुए उनका आभार व्यक्त किया।
