रक्षाबंधन पर कोण्डागांव पुलिस की अनूठी पहल: ग्रामीणों ने बांधी राखी, पुलिस ने 600 साइबर रक्षा सूत्र बांधकर दिया डिजिटल सुरक्षा का संदेश

0
787873214_1598612632308848_734703062347161322_n

रक्षाबंधन के अवसर पर कोण्डागांव पुलिस ने छत्तीसगढ़ पुलिस के “साइबर जागृति अभियान” के तहत ग्राम पुंगारपाल में एक विशेष “साइबर रक्षा सूत्र” कार्यक्रम आयोजित किया। इस अनूठी पहल के माध्यम से रक्षाबंधन के पारंपरिक रिश्ते और साइबर सुरक्षा के संदेश को एक साथ जोड़ते हुए ग्रामीणों को डिजिटल अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक किया गया।

कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक कोण्डागांव श्री पंकज चन्द्रा, IPS सहित पुलिस अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए। पुंगारपाल के पटेल, सरपंच, पुजारी, गायत, सिरहा, गुनिया और ग्रामीणों ने पुलिस अधिकारियों एवं जवानों को राखी बांधकर उनके प्रति विश्वास और अपनत्व व्यक्त किया।

वहीं महिला पुलिसकर्मियों ने ग्रामीण महिलाओं और अन्य लोगों को “साइबर रक्षा सूत्र” बांधते हुए डिजिटल सुरक्षा का संदेश दिया। कार्यक्रम के दौरान लगभग 600 साइबर रक्षा सूत्र बांधे गए।

इस अवसर पर ग्रामीणों को OTP, UPI PIN और बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करने की सलाह दी गई। पुलिस ने लोगों को संदिग्ध लिंक, फर्जी कॉल और ऑनलाइन ठगी से सतर्क रहने के प्रति भी जागरूक किया। कार्यक्रम के दौरान लगभग 500 ग्रामीणों को साइबर सुरक्षा की जानकारी दी गई और साइबर जागरूकता अभियान से जुड़े QR कोड के साथ सेल्फी एवं ग्रुप फोटो के माध्यम से भी लोगों को अभियान से जोड़ा गया।

कार्यक्रम में पुलिस और ग्रामीणों के बीच विश्वास एवं भाईचारे का माहौल देखने को मिला। ग्राम के पटेल, पुजारी और सरपंच को शील्ड देकर सम्मानित किया गया, जबकि बच्चों को चॉकलेट और उपहार वितरित किए गए। पुलिस अधीक्षक श्री पंकज चन्द्रा ने बच्चों से संवाद कर उन्हें पढ़ाई और अपने लक्ष्य के प्रति प्रेरित किया।

कोण्डागांव पुलिस की इस पहल ने रक्षाबंधन के पर्व पर रिश्तों की सुरक्षा के साथ डिजिटल सुरक्षा का भी संदेश दिया। अभियान के माध्यम से नागरिकों से अपील की गई कि वे स्वयं साइबर अपराधों के प्रति जागरूक रहें और अपने परिवार एवं गांव के अन्य लोगों को भी ऑनलाइन ठगी से बचाव की जानकारी दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *