Basantpur Theft Case: 50+ CCTV कैमरों से दिनदहाड़े चोरी का खुलासा, 10.50 लाख की संपत्ति के साथ 2 आरोपी गिरफ्तार

0

राजनांदगांव के बसंतपुर थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े हुई चोरी का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। थाना बसंतपुर और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने 50 से अधिक CCTV कैमरों की फुटेज और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर आरोपियों तक पहुंच बनाई। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 100 ग्राम सोने का डल्ला, लगभग 500 ग्राम चांदी के आभूषण और 1.50 लाख रुपये नगद सहित कुल करीब 10.50 लाख रुपये की संपत्ति बरामद की है।

घर का ताला तोड़कर लाखों की चोरी

11 सितंबर 2026 को आशीर्वाद कॉलोनी, कौरिनभाठा निवासी प्रार्थी कुल प्रकाश वालदे ड्यूटी पर गए हुए थे। दोपहर करीब 12:30 बजे से 2:45 बजे के बीच अज्ञात चोर ने उनके घर का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और कमरे में रखी अलमारी के लॉकर को तोड़ दिया।

चोर घर से सोने की अंगूठियां, टॉप्स, नथ, चेन, लॉकेट, झुमके, चूड़ियां, बाली और हार समेत चांदी के पायल तथा 1.50 लाख रुपये नगद ले गया था। मामले में थाना बसंतपुर में अपराध क्रमांक 420/2026 के तहत धारा 331(3), 305 बीएनएस में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।

50 से ज्यादा CCTV कैमरों की जांच

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक राजनांदगांव के निर्देशन में पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। इसके बाद शहर में लगे 50 से अधिक CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली गई और संदिग्ध की गतिविधियों का तकनीकी विश्लेषण किया गया।

जांच के दौरान पुलिस ने जेल प्रशासन से भी समन्वय किया। तकनीकी साक्ष्यों और पुराने आपराधिक रिकॉर्ड के आधार पर संदिग्ध की पहचान आदतन चोर विक्की वर्मा के रूप में हुई।

जेल में हुई पहचान के बाद बनाई चोरी की योजना

पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी विक्की वर्मा वर्ष 2025-26 में चोरी के मामले में सेंट्रल जेल जगदलपुर में बंद था। वहीं उसकी पहचान चोरी के एक अन्य मामले में निरुद्ध रहिमन से हुई थी।

जेल से बाहर आने के बाद दोनों ने कथित तौर पर राजनांदगांव में चोरी की योजना बनाई। पुलिस के मुताबिक रहिमन आशीर्वाद कॉलोनी में ही प्रार्थी के मकान की पहली मंजिल पर किराए से रहता था। उसे घर में सोने-चांदी के आभूषण होने और दोपहर के समय मकान के सूने रहने की जानकारी थी।

आरोप है कि रहिमन ने यह जानकारी विक्की को दी और चोरी के लिए उसे राजनांदगांव बुलाया। घटना के दौरान दोनों मोबाइल फोन के जरिए संपर्क में थे।

चोरी के बाद सोने को गलाकर बनाया डल्ला

पुलिस के मुताबिक चोरी किए गए कुछ सोने के आभूषण हरियाणा के कुरुक्षेत्र में ज्वेलर्स को बेच दिए गए थे। वहीं बचे हुए सोने को गलाकर करीब 100 ग्राम का डल्ला बना दिया गया था।

आरोपी विक्की वर्मा के कब्जे से पुलिस ने करीब 100 ग्राम सोने का डल्ला, 1 लाख रुपये नगद और घटना में प्रयुक्त पेचकस बरामद किया। वहीं रहिमन के कब्जे से चोरी के चांदी के आभूषण और 50 हजार रुपये नगद जब्त किए गए।

दोनों आरोपी गिरफ्तार, ज्वेलर की भूमिका की भी जांच

पुलिस ने दोनों आरोपियों को 20 सितंबर 2026 को गिरफ्तार किया है। दोनों को न्यायिक रिमांड के लिए न्यायालय में पेश किया जा रहा है।

पुलिस के अनुसार चोरी की शेष संपत्ति की बरामदगी के प्रयास जारी हैं। साथ ही चोरी के सोने की बिक्री से जुड़े ज्वेलर की भूमिका की भी जांच की जा रही है। जांच में संलिप्तता सामने आने पर उसके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।

मुख्य आरोपी विक्की वर्मा के खिलाफ बस्तर, महासमुंद, दुर्ग, कबीरधाम, धमतरी और राजनांदगांव जिलों में चोरी के प्रकरण दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है। वहीं रहिमन के खिलाफ बस्तर जिले में चोरी का एक मामला दर्ज पाया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *