उजियारा अभियान में कांकेर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 2.855 किलो गांजा के साथ आरोपी गिरफ्तार
कांकेर। जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे उजियारा अभियान के तहत कांकेर पुलिस ने गांजा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। भानुप्रतापपुर थाना पुलिस ने ग्राम सहकट्टा में कार्रवाई करते हुए आरोपी के कब्जे से 2.855 किलोग्राम गांजा बरामद किया है, जिसकी अनुमानित कीमत 1 लाख 42 हजार 750 रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, भानुप्रतापपुर थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि ग्राम सहकट्टा में एक व्यक्ति अवैध रूप से गांजा रखकर उसकी बिक्री के लिए ग्राहक तलाश रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ा। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 2.855 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान यशवंत धनेलिया (39 वर्ष), निवासी ग्राम सहकट्टा के रूप में हुई है। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत 1,42,750 रुपये आंकी गई है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ NDPS Act के तहत अपराध दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले में गांजा कहां से लाया गया था और इसे आगे किन लोगों तक पहुंचाया जाना था, इस संबंध में भी पुलिस जांच कर रही है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक कांकेर निखिल अशोक कुमार राखेचा के निर्देशन तथा वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में भानुप्रतापपुर थाना पुलिस द्वारा की गई। पुलिस की इस कार्रवाई को जिले में अवैध मादक पदार्थों के कारोबार पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
