गणेश विसर्जन झांकी में राजनांदगांव पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 8 चाकूबाजों पर आर्म्स एक्ट और 11 पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई
राजनांदगांव। गणेश विसर्जन झांकी के दौरान शहर में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए राजनांदगांव पुलिस ने व्यापक सुरक्षा व्यवस्था के साथ प्रभावी कार्रवाई की। पुलिस ने गुंडा-बदमाशों, निगरानी बदमाशों और असामाजिक तत्वों पर विशेष निगरानी रखते हुए आर्म्स एक्ट के 8 प्रकरणों में 8 आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की। वहीं प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत 9 प्रकरणों में 11 आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई की गई।

चाकू लेकर घूम रहे 8 संदिग्ध युवकों पर कार्रवाई
पुलिस के अनुसार, झांकी के दौरान सार्वजनिक स्थानों पर चाकू जैसे घातक हथियार लेकर घूम रहे 8 संदिग्ध युवकों को पकड़ा गया। उनके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई। इसके अलावा कानून-व्यवस्था प्रभावित करने की आशंका वाले व्यक्तियों पर प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत कार्रवाई की गई।
1000 से अधिक लोगों के हाथों से निकलवाए धातु के कड़े
झांकी में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और दर्शकों की मौजूदगी को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा के लिए विशेष सावधानी बरती। पुलिस के अनुसार, 1000 से अधिक लोगों के हाथों में पहने लोहे और अन्य धातु के कड़े निकलवाए गए, ताकि भीड़भाड़ के दौरान किसी अप्रिय घटना की आशंका को कम किया जा सके।

अन्य जिलों और राज्यों से पहुंचे श्रद्धालुओं की सुरक्षा
गणेश विसर्जन झांकी देखने के लिए राजनांदगांव के अलावा अन्य जिलों और पड़ोसी राज्यों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु और दर्शक पहुंचे। विशाल जनसमूह को देखते हुए पुलिस बल सुरक्षा, यातायात और कानून-व्यवस्था के मोर्चे पर लगातार मुस्तैद रहा। पुलिस टीमों ने संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी रखते हुए आवश्यकतानुसार कार्रवाई की।
उत्कृष्ट कार्य करने वाले जवानों को मिलेगा 500 रुपये का पुरस्कार
आर्म्स एक्ट के मामलों में उल्लेखनीय कार्य करने और चाकू लेकर घूमने वाले लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने वाले पुलिस जवानों के कार्य की पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा ने सराहना की। उन्होंने उत्कृष्ट कार्य करने वाले जवानों को 500 रुपये नगद पुरस्कार देकर पुरस्कृत करने की घोषणा की।
पुलिस अधीक्षक ने जवानों का उत्साहवर्धन करते हुए इसी तरह कर्तव्यनिष्ठा और सजगता के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया। राजनांदगांव पुलिस के अनुसार, व्यापक सुरक्षा व्यवस्था और प्रभावी कार्रवाई के बीच गणेश विसर्जन झांकी का कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।






