बालोद में बिना हेलमेट नहीं मिलेगा पेट्रोल और शराब, प्रशासन ने जारी किए सख्त निर्देश
बालोद, छत्तीसगढ़: सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए बालोद जिला प्रशासन और पुलिस विभाग ने एक बड़ा कदम उठाया है। जिले में अब बिना हेलमेट पहने दोपहिया वाहन चालकों को पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल या अन्य ईंधन नहीं दिया जाएगा। इसके साथ ही शराब दुकानों में भी बिना हेलमेट पहुंचे व्यक्तियों को शराब बेचने से मना किया जाएगा।
यह फैसला जिला कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा और पुलिस अधीक्षक योगेश पटेल की संयुक्त बैठक में लिया गया, जिसमें जिले के सभी पेट्रोल पंप संचालकों और दोपहिया वाहन डीलरों को सख्त निर्देश दिए गए। बैठक में यह स्पष्ट किया गया कि नागरिकों की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है, और इसके लिए कोई समझौता नहीं किया जाएगा।
जनजागरूकता और निगरानी व्यवस्था होगी मजबूत
प्रशासन ने निर्देश दिए हैं कि इस अभियान के बारे में व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए। इसके लिए पेट्रोल पंपों में बड़े-बड़े बैनर और पोस्टर लगाए जाएंगे। साथ ही ग्रामीण इलाकों में कोटवारों के माध्यम से मुनादी करवाकर लोगों को जानकारी दी जाएगी।
प्रशासन ने यह भी सुनिश्चित किया है कि सभी पेट्रोल पंपों पर CCTV कैमरे लगाए जाएं, ताकि नियमों के पालन की निगरानी की जा सके। जिला और पुलिस प्रशासन के अधिकारी समय-समय पर पेट्रोल पंपों का निरीक्षण करेंगे और यदि कहीं नियमों का उल्लंघन पाया गया, तो संबंधित पेट्रोल पंप संचालक पर कार्रवाई की जाएगी।
जागरूकता के साथ सख्ती भी जरूरी: प्रशासन
कलेक्टर मिश्रा ने कहा, “हर नागरिक का जीवन अमूल्य है और उसकी रक्षा करना हमारी जिम्मेदारी है। इस निर्णय का उद्देश्य दंड देना नहीं, बल्कि लोगों को सुरक्षा के प्रति जिम्मेदार बनाना है।”
प्रशासन ने यह उम्मीद जताई है कि आम जनता इस पहल में सहयोग करेगी और हेलमेट पहनने की आदत को अपनी सुरक्षा के लिए अनिवार्य बनाएगी।
